ETV Bharat / state

होली पर बलौदाबाजार पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति, हुड़दंग किया तो होगी कड़ी कार्रवाई

बलोदाबाजार भाटापारा पुलिस ने होली शांतिपूर्वक मनाने की अपील की है. प्रमुख चौक चौराहों, बाजार और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी.

BALODABAZAR POLICE
बलौदाबाजार पुलिस (ETV Bharat Chhattisgarh)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : March 3, 2026 at 1:44 PM IST

|

Updated : March 3, 2026 at 2:22 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

बलौदाबाजार: बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने जिलेवासियों से होली त्योहार शांति, सौहार्द और कानून के दायरे में रहकर मनाने की अपील की है. एसपी भावना गुप्ता ने कहा है कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति, उपद्रव, छेड़छाड़ या कानून उल्लंघन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

एसपी ने कहा कि होली का पर्व खुशियों और भाईचारे का प्रतीक है, लेकिन इसे हुड़दंग या अराजकता का बहाना नहीं बनने दिया जाएगा.जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ कर दिया गया है. प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है. साथ ही गश्त और सीसीटीवी निगरानी को भी मजबूत किया गया है.

होली पर बलौदाबाजार पुलिस अलर्ट (ETV Bharat Chhattisgarh)

कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है. अभद्र भाषा, मारपीट, जबरन रंग लगाने, रास्ता रोककर उपद्रव करने या समूह बनाकर हुड़दंग करने जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. धार्मिक और सामाजिक भावनाओं का सम्मान करने पर विशेष जोर दिया गया है. किसी भी व्यक्ति या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की कोशिश को गंभीर अपराध माना जाएगा. त्योहार के नाम पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ हरकत या विवादित व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

रंगों का जिम्मेदारी से उपयोग

पुलिस प्रशासन ने लोगों से स्वास्थ्य-सुरक्षित और प्राकृतिक रंगों के उपयोग की अपील की है. रासायनिक रंग, ग्रीस, इंजन ऑयल या अन्य हानिकारक पदार्थों का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित बताया गया है. बिना सहमति किसी पर रंग या पानी फेंकना कानूनन अपराध की श्रेणी में आ सकता है. खासकर पानी से भरे गुब्बारे फेंकना गंभीर चोट का कारण बन सकता है, इसलिए ऐसे कृत्यों से बचने की सख्त हिदायत दी गई है.

महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि

होली के दौरान महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है.छेड़छाड़, अश्लील हरकत, अभद्र टिप्पणी या जबरन रंग लगाने जैसी घटनाओं में संलिप्त पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों पर सजग रहने और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है. किसी भी तरह की आपत्तिजनक हरकत की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए कहा गया है.

यातायात नियमों का सख्ती से पालन

होली के दौरान नशे में गाड़ी चलाना, तेज गति से बाइक दौड़ाना, स्टंट करना, ट्रिपल राइडिंग या बिना हेलमेट वाहन चलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है. उल्लंघन करने पर वाहन जब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सड़क पर पानी, रंग, ग्रीस या अन्य फिसलन भरे पदार्थ डालना भी दंडनीय अपराध बताया गया है. ऐसे मामलों में तत्काल चालानी कार्रवाई और आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे. पुलिस ने साफ कहा है कि त्योहार की आड़ में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी नहीं की जा सकती।

डीजे और तेज संगीत पर पूर्ण प्रतिबंध

अत्यधिक शोर-शराबे पर भी सख्त प्रतिबंध लगाया गया है. सार्वजनिक स्थलों पर तेज आवाज में डीजे और स्पीकर बजाने की अनुमति नहीं होगी. आदेश का उल्लंघन करने पर उपकरण जब्त कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. गाड़ियों में तेज संगीत बजाना और मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग भी प्रतिबंधित है. पकड़े जाने पर वाहन चालक के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. फूहड़ और अश्लील गीत बजाने से भी परहेज करने की अपील की गई है.

अभिभावकों की भूमिका अहम

पुलिस प्रशासन ने माता-पिता और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों और युवाओं की गतिविधियों पर नजर रखें. देर रात तक अनावश्यक रूप से बाहर रहने, खतरनाक स्टंट करने या असुरक्षित गतिविधियों में शामिल होने से रोकें.

संदिग्ध गतिविधियों पर रखें नजर

जिले में गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है, लेकिन पुलिस ने लोगों से भी सहयोग की अपेक्षा की है. किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम थाना, कंट्रोल रूम नंबर +919479190629 या डायल 112 पर देने की अपील की गई है. शराब या नशीले पदार्थों का सेवन कर उपद्रव करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी. सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

जीरो टॉलरेंस नीति

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अनुशासनहीनता, छेड़छाड़, हुड़दंग या सार्वजनिक शांति भंग करने की किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह कोई भी हो. त्योहार की आड़ में अपराध करने की कोशिश करने वालों को सीधे कानून का सामना करना पड़ेगा.

लोगों से सहयोग की अपील

पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें. कानून-व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी का दायित्व है. त्योहार का असली आनंद तभी है जब हर व्यक्ति सुरक्षित और सम्मानित महसूस करें.

होली पर हुड़दंग करने वालों की खैर नहीं, जांजगीर चांपा पुलिस ड्रोन से रख रही निगरानी
लोधी समाज ने कोमल जंघेल पर लगे आरोपों को बताया गलत, भ्रामक जानकारी फैलाने का आरोप, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
कोरिया में महिला की संदिग्ध मौत पर आक्रोश, परिजनों ने लगाए अमानवीय कृत्य के बाद हत्या के आरोप
Last Updated : March 3, 2026 at 2:22 PM IST