छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा, बलौदाबाजार में तैयारियां पूरी, कलेक्टर ने की समीक्षा
सीजीपीएससी प्रांरभिक परीक्षा 22 फरवरी को आयोजित की जाएगी. इसे लेकर कलेक्टर दीपक सोनी ने तैयारियों की समीक्षा की है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 20, 2026 at 10:31 PM IST
बलौदाबाजार:छत्तीसगढ़ में प्रतियोगी परीक्षाओं का सीजन शुरू हो गया है. बीते सप्ताह गेट की परीक्षा हुई थी. इस रविवार 22 फरवरी को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की गई है. इसे लेकर बलौदाबाजार जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है. इस बार बलौदाबाजार के 2149 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं. परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए कलेक्टर दीपक सोनी ने शुक्रवार को केंद्राध्यक्षों और ऑब्जर्वरों की बैठक ली. बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
परीक्षा में पारदर्शिता पहली प्राथमिकता
इस मीटिंग में कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में पारदर्शिता रहेगी. बैठक में यह दोहराया गया कि प्रतियोगी परीक्षाएं युवाओं के भविष्य से जुड़ी होती हैं, इसलिए इनका आयोजन पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ होना चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है.कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे. प्रवेश द्वार पर सख्त फ्रिस्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्टवॉच या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट लेकर केंद्र में प्रवेश की अनुमति न दी जाए. अभ्यर्थियों की पहचान आधार कार्ड और प्रवेश पत्र के आधार पर की जाएगी. कक्षा में प्रवेश से पहले दस्तावेजों का मिलान और चेकिंग प्रक्रिया पूरी सावधानी से की जाएगी.
बलौदाबाजार में परीक्षा के लिए बनाए गए 7 केंद्र
इस बार जिले में कुल 7 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं.
- डी के कॉलेज, बलौदाबाजार
- मिनीमाता शासकीय कन्या महाविद्यालय, बलौदाबाजार
- एमडीव्ही स्कूल, बलौदाबाजार
- पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल, बलौदाबाजार
- शासकीय महाविद्यालय, लवन
- पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल, लवन
- स्वामी आत्मानंद शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल, अर्जुनी
परीक्षा केंद्रों में पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश
कलेक्टर ने परीक्षा से संबंधित सभी पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं. सभी परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई है. अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा दिवस पर किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए.
दो पालियों में होगी परीक्षा
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी. इसमें प्रथम पाली: प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा. इसमें सामान्य अध्ययन की परीक्षा होगी. द्वितीय पाली में दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा होगी. इसमें अभिरुचि परीक्षा होगी. अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं ताकि प्रवेश और जांच प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके. देर से आने वाले अभ्यर्थियों को आयोग के नियमों के अनुसार प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम
प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी. बैठक में डिप्टी कलेक्टर और नोडल अधिकारी अरुण कुमार सोनकर सहित सभी केंद्राध्यक्ष और ऑब्जर्वर मौजूद रहे. सभी अधिकारियों को अपने दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करने की हिदायत दी गई है.
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, अनुचित गतिविधि या अव्यवस्था की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी. नोडल अधिकारी और ड्यूटी मजिस्ट्रेट को सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं- दीपक सोनी, कलेक्टर, बलौदाबाजार
युवाओं के सपनों की परीक्षा
पीएससी प्रारंभिक परीक्षा राज्य की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक है. इस परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थी राज्य प्रशासनिक सेवा सहित विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया में आगे बढ़ते हैं. जिले के 2149 अभ्यर्थियों के लिए यह परीक्षा उनके करियर की महत्वपूर्ण कड़ी है. कई अभ्यर्थी लंबे समय से तैयारी कर रहे हैं. ऐसे में परीक्षा का निष्पक्ष और त्रुटिरहित आयोजन उनके विश्वास को मजबूत करेगा. स्थानीय कोचिंग संस्थानों और अभ्यर्थियों में भी परीक्षा को लेकर उत्साह है. परीक्षा केंद्रों के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था को भी व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
प्रशासन की सख्ती का संदेश
पिछले कुछ वर्षों में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर पारदर्शिता और सुरक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस बार भी प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फ्रिस्किंग, पहचान सत्यापन, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई और केंद्रों पर निगरानी जैसे सभी बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया गया है. परीक्षा कक्षों में अनुशासन बनाए रखने के लिए पर्यवेक्षकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं.
परीक्षार्थियों के लिए जरूरी निर्देश
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचे. अपने साथ प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र अनिवार्य रूप से लाएं. किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को केंद्र में लाने से बचें। साथ ही, परीक्षा हॉल में शांति बनाए रखें और आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करें.

