बलौदाबाजार जिले के कलेक्टर दीपक सोनी को केंद्र सरकार में बड़ी जिम्मेदारी, स्वास्थ्य मंत्रालय के डायरेक्टर बनाए गए
2011 बैच के IAS अफसर दीपक सोनी सेंट्रल डेपुटेशन पर जा रहे हैं. हाल ही में सर्वेश्वर भूरे भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 10, 2026 at 4:00 PM IST
बलौदाबाजार: जिले के वर्तमान कलेक्टर दीपक सोनी को केंद्र सरकार में अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है. भारत सरकार ने उन्हें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में डायरेक्टर के पद पर नियुक्त किया है. दीपक सोनी आगामी पांच वर्षों तक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहेंगे. यह नियुक्ति न केवल दीपक सोनी के प्रशासनिक करियर की एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, बल्कि छत्तीसगढ़ के लिए भी गौरव की बात है कि राज्य का एक अधिकारी केंद्र में स्वास्थ्य विभाग में नेतृत्वकारी भूमिका निभाएगा.
तत्काल रिलीव करने के निर्देश: भारत सरकार की ओर से इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं. केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर निर्देश दिए हैं कि दीपक सोनी को तत्काल प्रभाव से उनके वर्तमान पद से रिलीव किया जाए, ताकि वे नई जिम्मेदारी संभाल सकें. प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होते ही दीपक सोनी दिल्ली पहुंचेंगे. उनके इस तबादले के बाद बलौदाबाजार जिले को भी नया कलेक्टर मिलेगा.
स्वास्थ्य मंत्रालय में अहम भूमिका: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार के सबसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों में से एक है. यह मंत्रालय देशभर में स्वास्थ्य सेवाओं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण, सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे और स्वास्थ्य नीतियों के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी निभाता है. डायरेक्टर के पद पर दीपक सोनी की भूमिका नीति निर्माण, योजनाओं की मॉनिटरिंग और राज्यों के साथ समन्वय जैसी जिम्मेदारियों से जुड़ी होगी. छत्तीसगढ़ जैसे आदिवासी और ग्रामीण बहुल राज्य में फील्ड अनुभव रखने वाले अधिकारी के रूप में उनसे केंद्र सरकार को काफी अपेक्षाएं हैं.
दीपक सोनी कौन हैं
- 2011 बैच के IAS अधिकारी हैं.
- बलौदाबाजार जिले में वर्तमान में कलेक्टर हैं.
- इससे पहले दंतेवाड़ा, कोंडागांव के भी कलेक्टर रह चुके हैं.
- फील्ड में जाकर हालात समझते हैं फिर फैसले लेते हैं.
बलौदाबाजार कलेक्टर के रूप में सेवा: दीपक सोनी ने जिले में शासन की योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने, प्रशासनिक अनुशासन और समयबद्ध कामकाज पर जोर दिया. चाहे राजस्व से जुड़े मामले हों, सामाजिक योजनाओं का क्रियान्वयन हो या फिर कानून व्यवस्था, दीपक सोनी का प्रयास रहा कि प्रशासन आम जनता के लिए सुलभ और जवाबदेह बने. कई मौकों पर वे खुद गांवों और कस्बों में जाकर समस्याएं सुनते नजर आए.
सेंट्रल डेपुटेशन पर 2011 बैच के ही एक और अधिकारी: संयोग कि हाल ही में 2011 बैच के ही एक अन्य IAS अधिकारी सर्वेश भूरे भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए हैं. सर्वेश्वर भूरे उस समय राजनांदगांव जिले के कलेक्टर थे, जब उन्हें केंद्र में चयनित किया गया. अब दीपक सोनी भी बलौदाबाजार कलेक्टर रहते हुए केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं.
छत्तीसगढ़ कैडर के लिए सम्मान: दीपक सोनी और सर्वेश्वर भूपे की केंद्रीय नियुक्ति को छत्तीसगढ़ कैडर के लिए सम्मान के रूप में देखा जा रहा है. केंद्र सरकार में कार्य करते हुए वे न केवल राष्ट्रीय स्तर पर नीतियों में योगदान देंगे, बल्कि भविष्य में इसका लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिल सकता है.

