''लहरिया कट'' दिखाने वालों पर बलौदा बाजार पुलिस का तगड़ा एक्शन
स्टंट करने वाले 8 लोगों पर हुई कार्रवाई, ट्रैक्टर और कार हुआ जब्त.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 7, 2026 at 10:33 PM IST
बलौदा बाजार: नौजवान पीढ़ी के कुछ लोग अक्सर अपनी वाहा-वाही लूटने, सोशल मीडिया पर धाक जमाने के लिए, उल्टी सीधी हरकतें करते रहते हैं. रील्स बनाने के चक्कर में कभी वो खुद की जान खतरे में डाल देते हैं तो कभी दूसरों की. पुलिस ने ऐसे ही लोगों पर सख्त एक्शन लेते हुए उनकी गाड़ियां जब्त कर ली है.
दरअसल पूरा मामला कसडोल थाना इलाके के ग्राम छेछर का है. जहांं शाला विदाई कार्यक्रम के दौरान सड़क और स्कूल परिसर में चलते ट्रैक्टर और ईको कार में खतरनाक स्टंट करने का वीडियो वायरल होते ही, पुलिस ने सख्त एक्शन लिया है. वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो वाहन चालकों और छह अवयस्क छात्रों सहित कुल आठ लोगों को पकड़कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है. यह मामला न केवल यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़ा है, बल्कि इससे छात्रों की सुरक्षा, अभिभावकों की जिम्मेदारी और समाज में बढ़ते लापरवाह व्यवहार पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए हैं.
शाला विदाई कार्यक्रम बना लापरवाही का मंच
6 फरवरी 2026 को सोशल मीडिया और विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में साफ तौर पर देखा गया कि ग्राम छेछर स्थित स्कूल के कुछ छात्र शाला विदाई समारोह के दौरान, सड़क मार्ग और स्कूल परिसर में ट्रैक्टर और ईको कार में सवार होकर खतरनाक स्टंट कर रहे हैं. वीडियो में चलती गाड़ियों पर लटकते, खड़े होकर शोर मचाते और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते छात्र दिखाई दिए. सबसे गंभीर बात यह थी कि इन वाहनों में सवार अधिकांश स्कूली छात्र थे. किसी भी समय यह स्टंट जानलेवा हादसे में बदल सकता था.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
वायरल वीडियो सामने आते ही पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी कसडोल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. निर्देश स्पष्ट थे कि वीडियो में दिख रहे सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगे.
इन निर्देशों के पालन में थाना कसडोल पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की. वायरल वीडियो, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रिपोर्ट्स और स्थानीय स्तर पर पूछताछ के आधार पर वाहनों और उसमें शामिल लोगों की पहचान की गई.
8 को पकड़ा, 2 चालक और 6 अवयस्क शामिल
पुलिस जांच में सामने आया कि इस घटना में कुल 8 लोग शामिल रहे हैं. इनमें 2 वाहन चालक और 6 अवयस्क बालक शामिल हैं. सभी को 7 फरवरी 2026 को थाना कसडोल द्वारा पकड़ा गया. पूछताछ के दौरान सभी ने स्वीकार किया कि वे शाला विदाई कार्यक्रम के दौरान ट्रैक्टर और ईको कार में सवार होकर खतरनाक स्टंट कर रहे थे. पुलिस ने इस मामले में एक ट्रैक्टर और एक ईको कार को जब्त किया है.
परिजनों के सामने बच्चों को कड़ी चेतावनी
चूंकि इस मामले में 6 अवयस्क बालक शामिल थे, इसलिए पुलिस ने संवेदनशीलता के साथ लेकिन सख्त रुख अपनाया. ग्राम छेछर के सरपंच और पंचों की उपस्थिति में सभी अवयस्क बालकों के परिजनों को थाना कसडोल बुलाया गया. पुलिस, ग्राम प्रतिनिधियों और परिजनों के सामने सभी अवयस्कों को कड़ी फटकार लगाई. स्पष्ट शब्दों में समझाया गया कि इस तरह के खतरनाक स्टंट न केवल गैरकानूनी हैं, बल्कि उनकी जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकते हैं. परिजनों ने भी अपने बच्चों को भविष्य में कभी इस तरह की हरकत न करने की कड़ी चेतावनी दी.
वाहन चालकों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज
पुलिस ने मामले में अग्रिम कार्रवाई करते हुए दोनों वाहन चालकों के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने की धाराओं के तहत कुल 2 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए. इसके साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत भी कार्रवाई की गई. पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह का व्यवहार न केवल स्वयं के लिए, बल्कि दूसरों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है.
फेयरवेल के नाम पर स्कूली छात्रों का स्टंट, बलौदाबाजार पुलिस ने चालान और फाइन की कार्रवाई की
छत्तीसगढ़ में स्कूली विद्यार्थियों का वाहनों पर जानलेवा स्टंट, एक्शन में शिक्षा विभाग, जांच के आदेश
स्कूली बच्चों का कार में स्टंट, वीडियो सामने आने के बाद एक्शन में कवर्धा पुलिस

