लापरवाही पर SP सख्त: पुलिस अभिरक्षा से चोरी की आरोपी महिला फरार, तीन पुलिसकर्मी निलंबित
नयापारा चोरी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक समेत तीन पर गाज गिरी है. बालोद एसपी बोले-लापरवाही बर्दाश्त नहीं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 6, 2026 at 7:31 AM IST
बालोद: पुलिस अभिरक्षा से एक महिला आरोपी के फरार होने के मामले में बालोद पुलिस अधीक्षक (SP) योगेश पटेल ने कड़ा रुख अपनाया है. ड्यूटी के दौरान घोर लापरवाही और सुरक्षा में चूक बरतने के आरोप में एसपी ने एक प्रधान आरक्षक और दो आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है. पुलिस विभाग द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर खामियां पाई गईं, जिसके बाद यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई. एसपी योगेश पटेल ने दो टूक शब्दों में कहा है कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
पूछताछ के दौरान चकमा देकर हुई फरार
नयापारा इलाके में हुई करीब 2 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया था. मूल रूप से बालोद जिले के कलकसा गांव की रहने वाली यह महिला वर्तमान में नयापारा में ही रह रही थी. शनिवार को पुलिस टीम उसे पूछताछ के लिए लेकर आई थी. थाना परिसर में पूछताछ और अभिरक्षा के दौरान महिला पुलिसकर्मियों को चकमा देकर रफूचक्कर हो गई.
इन पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है, जिसमें शिवराम ध्रुव (प्रधान आरक्षक) उमेध निषाद (आरक्षक) पूर्णिमा ठाकुर (महिला आरक्षक) शामिल है. पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है. विभागीय जांच जारी है. फरार आरोपी महिला की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं, जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होगी.
इलाके में नाकेबंदी, तलाश तेज
महिला के फरार होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार महिला की तलाश में संभावित ठिकानों और उसके पैतृक गांव में लगातार दबिश दे रही हैं. इसके साथ ही, भविष्य में ऐसी गंभीर चूक दोबारा न हो, इसके लिए जिले के सभी थानों और चौकियों में तैनात पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं.

