बालोद के गन्ना किसानों का शक्कर कारखाना प्रबंधक पर फूटा गुस्सा, बिना तैयारी गन्ना मंगाने का आरोप
बालोद के गन्ना किसान ट्रैक्टर ट्रॉली में गन्ना लेकर पिछले 4 से 5 दिनों से शक्कर कारखाना के गेट के सामने खड़े हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : December 22, 2025 at 10:45 AM IST
|Updated : December 22, 2025 at 10:52 AM IST
बालोद: जिले के कई गांवों के सैंकड़ों गन्ना किसान पिछले कई दिनों से परेशान है. किसानों ने आरोप लगाया कि बिना शक्कर कारखाना चालू किए टोकन देकर 15 दिसंबर से किसानों को बुला लिया गया लेकिन अब उनसे गन्ना नहीं लिया जा रहा है. कारखाने के गेट के सामने गन्ना किसान कई दिनों से ट्रैक्टर ट्रॉली में गन्ना भरकर खड़े हैं.
जानिए किसानों की समस्या
परसदा के गन्ना किसान ईश्वरी साहू ने बताया कि उन्होंने 6 एकड़ में गन्ना की खेती की है. प्रशासन ने 15 दिसंबर से किसानों से गन्ना लेकर कारखाना आने को कहा था. 17 दिसंबर से सभी गन्ना किसान ट्रैक्टर ट्रॉली में गन्ना भरकर शक्कर कारखाना पहुंचे. लेकिन किसानों से गन्ना नहीं लिया जा रहा है. किसान ने आरोप लगाया कि शक्कर कारखाना प्रबंधक की लापरवाही साफ नजर आ रही है. टोकन काटकर गन्ना मंगा लिया गया लेकिन अभी गन्ना नहीं लिया गया.
पिछले 5 दिनों से हम यहां पड़े हुए हैं. गन्ना सूख रहा है. गन्ना किसानों की परेशानी के कारण ही किसान गन्ना की खेती को लेकर हतोत्साहित रहते हैं-ईश्वरी साहू, किसान, ग्राम परसदा
वहीं एक अन्य किसान रोहित साहू ने भी आरोप लगाया कि किसानों को गन्ना लाने के लिए कह दिया गया. लेकिन शक्कर कारखाना चालू ही नहीं किया गया है. ग्राम सेवक के आदेश के बाद सभी किसान पहुंच गए. पिछले 5 दिनों से हम घर से निकले हुए है.
सभी किसान परेशान है. कोई अधिकारी भी अबतक बात करने नहीं पहुंचा. हमारा गन्ना सूख रहा है - रोहित साहू, किसान
अभी तक हमारी गाड़ी से गन्ना नहीं खाली कराया गया. हर रोज टाल रहे हैं. - खिलू राम साहू, किसान
किसानों ने कहा कि पूर्व विधायक भैयाराम सिंह को उन्होंने पूरे मामले से अवगत कराया है. सैकड़ों किसान ट्रैक्टरों के साथ कड़ाके की ठंड में परिसर में ही दिन रात गुजारने को मजबूर हैं. वहीं खाना बनाकर खा रहे हैं. ट्रैक्टर का किराया भी लगातार बढ़ता जा रहा है. किसानों ने कारखाना प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कोई भी जिम्मेदार अधिकारी उनकी सुध नहीं ले रहा है.
इंजीनियर बिना नहीं होगा चालू
मां दंतेश्वरी सहकारी शक्कर कारखाने के महाप्रबंधक लिलेश्वर देवांगन ने पूरे मामले पर कहा कि फरीदाबाद से इंजीनियर आने के बाद ही कारखाने का संचालन शुरू हो पाएगा. महाप्रबंधक ने बताया कि बीते दिन इंजीनियर की फ्लाइट मिस हो गई थी.

