ETV Bharat / state

अवैध शराब के खिलाफ सनोद के ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, बालोद कलेक्ट्रेट पहुंचकर लगाई पाबंदी की गुहार

बालोद के सनोद गांव में अवैध शराब के खिलाफ ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिकायत की. बच्चों तक भी नशा पहुंचने का आरोप लगाया.

Balod illegal liquor Sale
अवैध शराब के खिलाफ सनोद के ग्रामीणों ने खोला मोर्चा (ETV BHARAT CHHATTISGARH)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : March 2, 2026 at 5:32 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बालोद: जिले के सनोद गांव में अवैध शराब बिक्री को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है. मंगलवार को बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि और गांव के लोग जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे. उन्होंने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर गांव में अवैध शराब के कारोबार पर तुरंत पूरी तरह रोक लगाने की मांग की. मामला गुरूर विकासखंड का है.

बालोद के सनोद गांव में अवैध शराब के खिलाफ ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिकायत की. (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

हाईवे पर बढ़ रहे हादसों से बढ़ी चिंता

ग्रामीणों ने बताया कि सनोद गांव स्टेट हाईवे के पास स्थित है. गांव और हाईवे किनारे आसानी से शराब मिलने के कारण लोग नशे में वाहन चला रहे हैं. इससे सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की गलियों, ढाबों और छोटी दुकानों में खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है, जिससे माहौल खराब हो रहा है.

गांव में अवैध शराब को लेकर हम काफी परेशान हैं. आज प्रशासन से निवेदन करने आए हैं कि हमारे गांव को शराब मुक्त बनाया जाए. यदि प्रशासन की टीम जांच के लिए आती है, तो हम स्वयं उन ठिकानों को चिन्हित (Mark) कराएंगे जहां यह गोरखधंधा चल रहा है.- दिगेश्वर नाथ, सरपंच, ग्राम सनोद

गांव की व्यवस्था में अवैध शराब जहर घोलने का काम कर रही है. हमने स्थानीय स्तर पर कई बार प्रयास किए, लेकिन हमें सफलता नहीं मिली. ऐसा प्रतीत होता है कि इस अवैध काम को कुछ प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त है.- चित्रांगद साहू, ग्रामीण अध्यक्ष

बच्चों तक पहुंच रहा नशा

ग्रामीणों ने चिंता जताई कि अब कम उम्र के बच्चे भी नशे की चपेट में आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि अवैध शराब की बिक्री पर रोक न लगने से गांव का भविष्य खतरे में है. लोगों ने आबकारी विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी अनदेखी के कारण शराब बेचने वालों के हौसले बढ़े हुए हैं.

आबकारी विभाग ने की कार्रवाई का वादा

जिला आबकारी अधिकारी ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि जल्द ही सनोद गांव में चिन्हित जगहों पर छापेमारी की जाएगी. अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया गया है.

बालोद में स्कूली बसों की फिटनेस जांच, दो बस संचालकों पर हुआ एक्शन
यूथ कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी के खिलाफ छत्तीसगढ़ में प्रदर्शन, बालोद में शर्टलेस हुए कार्यकर्ता, सरगुजा-मनेंद्रगढ़ में पुतला दहन
बालोद के इस गांव में चुगली पर बैन, अगर चुगली की और विवाद हुआ तो लगेगा 5 हजार जुर्माना