किस्त नहीं दे पाए तो अपने ही ट्रक को चोरी करने की रची साजिश, धान से भरा ट्रक किया पार, 4 आरोपी गिरफ्तार
ट्रक की किस्त (EMI) नहीं चुका पाने के दबाव में ट्रक मालिक ने ही अपने तीन साथियों के साथ मिलकर साजिश रची.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 19, 2026 at 8:12 PM IST
बालोद: जिले के मालीघोरी क्षेत्र में पिछले महीने हुई हाई-प्रोफाइल धान चोरी की गुत्थी को बालोद पुलिस ने सुलझा लिया है. ट्रक की किस्त (EMI) नहीं चुका पाने के दबाव में ट्रक मालिक ने ही अपने तीन साथियों के साथ मिलकर 900 कट्टा धान से भरे ट्रक को पार कर दिया था. पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का धान, घटना में इस्तेमाल ट्रक और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है.
क्या था मामला?
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बीते 16 जनवरी को ग्राम मालीघोरी के धर्मकांटा के पास से अज्ञात चोरों ने धान से भरा ट्रक (क्रमांक CG 08 AV 1711) चोरी कर लिया था. आरोपी इस ट्रक को दमकसा बड़भूम के पास ले गए, जहां उन्होंने ट्रक छोड़ दिया लेकिन उसमें लदे 900 कट्टों में से 280 कट्टा शासकीय धान अपने निजी ट्रक में शिफ्ट कर लिया. पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी.
रेकी के बाद दिया वारदात को अंजाम
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों को विशेष टीम ने घेरा. पूछताछ में मुख्य आरोपी नेतराम देवांगन ने बताया कि उसके पास दो ट्रक हैं, जिनकी किश्त न पटा पाने के कारण फाइनेंस कंपनी वाले उसे परेशान कर रहे थे. कर्ज चुकाने के लिए उसने 3 दिनों तक मालीघोरी में रेकी की और मौका पाकर चाबी लगे हुए ट्रक को चोरी कर लिया.
साक्ष्य मिटाने के लिए तोड़ा GPS
पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने चोरी किए गए ट्रक का GPS सिस्टम तोड़कर फेंक दिया था. यही नहीं, शासकीय धान की पहचान छिपाने के लिए उन्होंने सरकारी बारदानों को बदलकर धान को स्थानीय बोरों में भर दिया और अपने ससुराल ग्राम कंगलूटोला में छिपा दिया था.

ये हुए गिरफ्तार
- ग्राम कोरगुडा निवासी नेतराम देवांगन (37 साल)
- काशीराम देवांगन (32 साल)
- तरुण उर्वसा उर्फ लल्ला (25साल)
- धर्मेंद्र धनकर (27 साल)
आरोपियों के पास से 179 कट्टा धान और वारदात में इस्तेमाल ट्रक (CG 08 AQ 7884) जब्त किया गया है. इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश और एएसपी मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम की अहम भूमिका रही. इसमें थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा, धरम भूआर्य, योगेश सिन्हा, आरक्षक भोप सिंह साहू, आकाश दुबे, विपिन गुप्ता और साइबर सेल की टीम शामिल है.

