राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी: बालोद में बृजमोहन अग्रवाल को लेकर बोले मंत्री गजेंद्र यादव- बड़े भाई नाराज होते हैं, छोटा भाई हूं जाकर मिल लूंगा
बालोद में राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी की शुरुआत हो गई है. कार्यक्रम में मंत्री गजेंद्र यादव शामिल हुए और कहा कि कोई मतभेद नहीं है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 9, 2026 at 6:55 PM IST
बालोद: जिले में शुक्रवार से देश का पहला राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी शुरू हो गया. कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका ने किया. उन्होंने इसे देशभर के युवाओं के लिए आपसी समझ, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और राष्ट्रीय एकता का बड़ा मंच बताया. उद्घाटन कार्यक्रम के बाद मंत्री गजेंद्र यादव ने बृजमोहन अग्रवाल समेत कई राजनीतिक चर्चाओं पर भी अपनी बात रखी.
75वीं वर्षगांठ पर ऐतिहासिक आयोजन: यह जंबूरी भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित की जा रही है. देश के अलग-अलग राज्यों, भाषाओं और संस्कृतियों से आए युवा एक भारत, श्रेष्ठ भारत, युवा भारत की थीम पर एकजुट हुए हैं. इस मौके पर राज्यपाल ने स्काउट-गाइड का ‘सोल्जर बैज’ भी जारी किया.
छत्तीसगढ़ विविधताओं से भरा राज्य है और यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं. ऐसे राष्ट्रीय आयोजन राज्य के लिए गर्व की बात हैं.- रमेन डेका, राज्यपाल
एक टेंट, एक सोच: स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि आज के समय में बच्चों में एकाकीपन बढ़ रहा है, लेकिन जब 89 बच्चे एक ही टेंट में रहेंगे, तो आपसी सहयोग और एकता की भावना मजबूत होगी.
स्काउट-गाइड आंदोलन सिखाता है कि सीमित संसाधनों में भी संस्कृति के साथ विकास कैसे किया जाए.-गजेंद्र यादव, स्कूल शिक्षा मंत्री
बृजमोहन अग्रवाल से मिलेंगे गजेंद्र यादव: जंबूरी को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं पर शिक्षा मंत्री ने कहा, कोई मतभेद नहीं है. बड़े भाई नाराज हो जाते हैं. मैं कल बृजमोहन अग्रवाल से मिलूंगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लगाए गए आरोप बेवजह हैं.
मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम: उद्घाटन समारोह में लगभग 5000 बच्चों ने भाग लिया. छत्तीसगढ़ के बच्चों ने सुआ डंडा नृत्य, गेड़ी नृत्य बस्तर की पारंपरिक प्रस्तुतियां पेश कर समां बांध दिया. वहीं विभिन्न राज्यों के बच्चों ने देशभक्ति गीतों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया.
अनुशासित, प्रशिक्षित और आत्मविश्वासी युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं. यह आयोजन छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाएगा.- विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का संदेश: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय हालांकि इस उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके लेकिन उन्होंने इसकी शुभकामनाएं दी. कहा कि बालोद जिले के ग्राम दुधली में 9 से 13 जनवरी तक चलने वाले इस जंबूरी में देश-विदेश से आए 15,000 रोवर–रेंजर सेवा, नेतृत्व और अनुशासन का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं.

