बलिया में मिड डे मील घोटाले का पर्दाफाश, छात्रों के गोपनीय पत्र ने खोली पोल
ताजपुर मुड़ियारी इंटर कॉलेज का मामला. छात्रों का आरोप दो वर्षों से स्कूल में एमडीएम नहीं बन रहा है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 28, 2026 at 12:13 PM IST
बलिया : ताजपुर मुड़ियारी इंटर कॉलेज के छात्रों द्वारा जिलाधिकारी को लिखे गए गोपनीय पत्र से मिड डे मील (एमडीएम) योजना में 14 लाख रुपये के घोटाले का खुलासा हुआ है. छात्रों के पत्र के अनुसार काॅलेज में पिछले दो वर्षों से स्कूल में एमडीएम नहीं बन रहा है. जबकि उसका पैसा प्रधानाचार्य व अधिकारियों द्वारा बंदरबांट किया जा रहा है. शिकायतकर्ता छात्रों ने जिलाधिकारी से अपनी पहचान गोपनीय रखने का अनुरोध किया था.
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने छात्रों के अनुरोध को गंभीरता से लेते हुए पूरी गोपनीयता बरती और बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष सिंह और और जिला विकास अधिकारी आनंद को मामले की जांच कराई. जांच में छात्रों की शिकायत सही पाई गई. जांच में पता चला कि पिछले दो वर्षों से स्कूल में एमडीएम नहीं बन रहा था, लेकिन इस अवधि में 14 लाख रुपये का गबन कर लिया गया. बीएसए और डीडीओ ने अपनी जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी है. जिलाधिकारी ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष सिंह ने बताया कि जिला अधिकारी के माध्यम से पत्र मिला था. जिसमें यह अवगत कराया गया था कि ताजपुर मुड़ियारी इंटर कॉलेज में एमडीएम नहीं बन रहा है. जिस पर जांच की गई तो शिकायत सही पाई गई. पता चला है कि अब तक 14 लाख तक का धन आवंटन कर दिया गया है. जबकि मिड डे मील 2 सालों के अंदर कभी बना ही नहीं है.
यह भी पढ़ें : हमीरपुर में बच्चों को घटिया मिड डे मील का मामला, प्रधानाध्यापिका निलंबित
यह भी पढ़ें :ग्राम प्रधान न होने पर भी बच्चों को मिलेगा मिड डे मील, BSA ने जारी किया नया आदेश

