बालाघाट में लगातार बारिश से हालात बिगड़े, खेत में फंसे 16 किसानों का सुरक्षित रेस्क्यू
मध्य प्रदेश के बालाघाट में भारी बारिश से आफत, एसडीईआरएफ, होमगार्ड और पुलिस ने रेस्क्यू कर बचाई 16 लोगों की जान.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 4, 2026 at 2:49 PM IST
बालाघाट: मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है, बीते कुछ दिनों से बालाघाट सहित कुछ जिलों में लगातार बारिश हो रही है. लगातार हो रही वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित होने लगा है, वहीं कई नदियां उफान पर बह रही हैं. बालाघाट में कई जगहों पर पुल-पुलिया डूब चुके हैं. पुल के ऊपर से पानी जाने के कारण आवागमन बाधित हो गया. वहीं कुछ जगहों से लोगों को रेस्क्यू भी किया गया.
रपटा के बीच फंसे कई किसान
जानकारी के अनुसार, किरनापुर थाना क्षेत्र स्थित ठाकुरटोला भानपुर में शुक्रवार सुबह महिला और पुरुष, कुल 16 किसान अपने खेतों में काम करने गए थे. इस दौरान तेज बारिश के कारण सभी लोग खेत में फंस गए. घटना की सूचना मिलते ही एसडीईआरएफ, होमगार्ड और पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी 16 किसानों को सुरक्षित बाहर निकाला.
16 लोगों का सफल रेस्स्क्यू
शुक्रवार रात से बालाघाट में लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. कुछ स्थानों पर छोटे रपटा पर पानी होने से आवागमन बाधित हो गया. वहीं नदी और नालों में जल स्तर बढ़ने से लोगों की आवाजाही बंद हो गई है. इसके अलावा लगातार बारिश होने के चलते किसानों को फसल खराब होने की चिंता सता रही है. लाखों हेक्टेयर भूमि में किसान फसल की बुवाई कर चुके हैं.

- मध्य प्रदेश में मानसूनी आफत, खंडवा-बड़वानी में रेड अलर्ट, 24 घंटे में डूब सकते हैं कई इलाके
- पहली बारिश में डूबा भोपाल, जलभराव ने खोली नगर निगम के दावों की पोल
होमगार्ड कमांडेंट ललित कुमार उददे ने बताया, "किरनापुर के ठाकुरटोला भानपुर के रहने वाले कुछ ग्रामीण सुबह के समय खेत चले गये थे. इन सभी का खेत देवनदी के उस पार होने के कारण वे सभी फंस गये थे. जिनका दोपहर में रेस्क्यू किया गया और घर पहुंचाया गया. इसी तरह से रूपझर थाना क्षेत्र के दरबारीटोला में एक व्यक्ति फंस गया था. मार्ग के रपटा में पानी होने के कारण उसे रेस्क्यू किया गया और सकुशल पहुंचाया गया है."

