बहराइच में फिर तेंदुए का हमला, वन विभाग की टीम ने पकड़ा, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
बीते एक माह से जारी है आतंक, इस बार मवेशियों को बनाया था निवाला

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 6, 2026 at 7:44 AM IST
|Updated : January 7, 2026 at 11:41 AM IST
बहराइच: जनपद में लगातार बीते एक माह से तेंदुए का आतंक जारी है. जिले में सोमवार को फिर तेंदुए ने हमला किया. इस बार गांव में घुसे तेंदुए ने करीब 24 बकरियों पर हमला कर दिया. इनमें से 13 बकरियों की मौत हो गई. अचानक तेंदुए के फिर हुए इस हमले से ग्रामीणों में दहशत है. सोमवार देर शाम वन क्षेत्राधिकारी रोहित कुमार व वन दरोगा अनिल कुमार ने टीम के साथ पहुंचकर गांव में पिंजरा लगाया. पिंजरा लगाने के कुछ ही देर बाद तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया. इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.
कहां किया हमला: सुजौली गांव में मनीष मौर्य बकरी पालन का कार्य करते हैं. उनके यहां बड़ी संख्या में बकरियां मौजूद थी. सोमवार को जंगल से निकले तेंदुए ने बकरियों पर हमला शुरू कर दिया. तेंदुए के हमले में 13 बकरियों की मौत हो गई. वहीं, कई बकरियां घायल हो गईं.
ऐसे पता चला: मनीष ने बताया कि जब वह सुबह पालन में गए तो बड़ी संख्या में बकरी मरी मिली थी. वही कई मवेशी घायल थे. मनीष ने इस घटना की जानकारी वन विभाग विभाग को दी है. सूचना मिलने पर तत्काल वन विभाग की टीम ने इलाके में जाकर गश्त शुरू कर दी. वहीं, लोगों से जागरूक रहने की भी अपील की जा रही है.
डीएफओ क्या बोले: इस बारे में डीएफओ सूरज कुमार ने बताया कि जंगल से गांव सटा होने के चलते जंगली जानवर शिकार के लिए यहां आते हैं. उन्होंने इस घटना के बाद ग्रामीणों से सतर्क रहने और समूह में बाहर निकलने की अपील की है. सोमवार शाम तेंदुआ पकड़ लिया गया है.
बीते दिसंबर में बाघ ने किया था हमला: बीती 29 दिसंबर को कतर्निया घाट के ककरहा रेंज के लोधनपुरवा की सुशीला परिजनों के साथ खेत में काम कर रही थी. इसी दौरान अचानक एक बाघ जंगल की ओर से आया और सुशीला पर हमला कर दिया. लोगों के दौड़ने पर सुशीला को घायल छोड़कर जंगल की ओर भाग गया. परिजनों द्वारा उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

