ETV Bharat / state

घाघरा में डूबे दोनों युवकों के शव 24 घंटे बाद बरामद; ग्रामीण कह रहे ऐसी बात

महसी इलाके से गुजरी घाघरा नदी में 5 दोस्तों के डूबने का मामला. दो युवकों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया था.

घाघरा नदी में डूबे युवकों के शव बरामद.
घाघरा नदी में डूबे युवकों के शव बरामद. (Photo Credit : ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : May 29, 2026 at 8:06 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बहराइच : हरदी थाना क्षेत्र इलाके के कोड़वा मंसूर गांव के पास घाघरा नदी में बुधवार को नहाने गए पांच दोस्तों में तीन की मौत हो चुकी है. दो युवकों को उसी दिन नदी तट पर मौजूद ग्रामीणों ने बचा लिया था, लेकिन तीन युवकों का पता नहीं चला था. सूचना पर पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड टीम ने रेस्क्यू के दौरान एक युवक का शव बरामद कर लिया था. इसके बाद गुरुवार शाम दो युवकों के शव एनडीआरएफ टीम ने नदी से बरामद किए गए. युवकों के शव देख परिजनों में कोहराम मच गया.

बता दें, बुधवार को हरदी थाना क्षेत्र के कोड़वा मंसूर गांव स्थित घाघरा नदी के पास घूमने गए पांच दोस्त नदी में नहाने लगे. इस दौरान सभी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तीरथ, छोटकन्नू व अन्य ने किसी तरह मुरौवा निवासी शिवम (22) पुत्र राकेश सिंह व कोतवाली देहात के सरस्वती नगर के रहने वाले राजकुमार (20) पुत्र बाबू जायसवाल को नदी से बाहर निकाल लिया, लेकिन कोतवाली देहात इलाके के सरस्वती नगर के गोलू जायसवाल (22) पुत्र नन्हे व सूरज (21) पुत्र शिवकुमार व दहाव निवासी मोहित यादव (25) पुत्र राजमल नदी में डूब गए.

एसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि पुलिस व फायर ब्रिगेड टीम ने रेस्क्यू के दौरान बुधवार रात गोलू जायसवाल का शव बरामद कर लिया था. रात होने के चलते रेस्क्यू टीम द्वारा बचाव कार्य को बंद कर दिया था. गुरुवार सुबह होते ही रेस्क्यू टीम ने अभियान शुरू किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली. देर शाम सूरज जायसवाल व मोहित यादव के शव बरामद हुए. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. ग्रामीणों का कहना है कि तीनों युवक होनहार और मिलनसार थे.