बहराइच में ससुरालियों के तानों से तंग आकर 2 मासूम संग, महिला ने तालाब में कूदकर दी जान
पिता बोले- आए दिन करते थे बेटी से मारपीट, दहेज मांग. कई बार थाने व पुलिस ऑफिस में करा चुके हैं सुलह.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 11, 2026 at 3:21 PM IST
|Updated : January 11, 2026 at 5:10 PM IST
बहराइच: ससुरालियों के ताने से तंग आकर मां ने अपनी 2 मासूम संग तालाब में कूदकर जान दे दी. ससुराल वालों पर आरोप लगाया गया है कि महिला को लड़का न होने पर देते थे ताने, दहेज के लिए करते थे प्रताड़ित.
पयागपुर थाने के प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं पिता रामचंद्र गुप्ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए पति विष्णु, ससुर बजरंगी व सास पिंकी को हिरासत में ले लिया गया है. पूछताछ की जा रही है. आगे की कार्रवाई पीएम रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी.
खैरीघाट थाना क्षेत्र के शिवपुर बाजार के रहने वाले भाई धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि उनकी बहन आशा गुप्ता उर्फ मीनू उम्र 35 वर्ष की शादी करीब 12 साल पहले पयागपुर थाना क्षेत्र के कोटबाजार निवासी विष्णु से हुई थी. कुछ दिन तो सब सही रहा, मगर जैसे ही उनकी बेटी हुई, तभी से उसकी बहन को सास-ससुर व पति ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया.
भाई ने बताया कि उसकी बहन को 3 बेटियां थी. सबसे बड़ी बेटी लाडो (10), दूसरी मिष्ठी (7), तीसरी बेटी प्राची उर्फ नंदनी 2 साल की थी. कल रात करीब 8 बजे उसकी बहन ने फोन कर घर वालों से बात की थी. जिसके बाद अचानक 9:30 बजे के करीब उन्हें सूचना मिली कि बहन अपने दोनों बच्चियों संग तालाब में कूद गई है. जब हम सभी मौके पर पहुंचे तो, बहन और 7 साल की बेटी मिष्ठी का शव तालाब के बाहर पड़ा था और प्राची का शव आज करीब 12 बजे मिला है. भाई ने बताया कि उनकी बहन व दोनों बच्चियों को मारकर तालाब में फेंका गया है.
यह भी पढ़ें: मेरठ में हत्या-अपहरण केस; गिरफ्तार युवक से पूछताछ जारी, सांसद चंद्रशेखर को धरने से उठाया

