ETV Bharat / state

बागपत में मकान का लिंटर गिरने से एक युवक की मौत, गाय व दो भैंस की गई जान

बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के पठानकोट मोहल्ले में शनिवार हुई दुखद घटना.

लिंटर ढहने से युवक की मौत.
लिंटर ढहने से युवक की मौत. (Photo Credit : ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 11, 2026 at 8:52 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बागपत : बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के पठानकोट मोहल्ले में शनिवार शाम मकान का लिंटर ढहने से एक युवक की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में एक गाय और दो भैंसों की जान गई है. मलबे में कई जानवरों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है. सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे. वहीं लखनऊ में अमौसी मेट्रो स्टेशन की पटरी पर गिरकर एक बुजुर्ग लहूलुहान हो गए.

बताया जा रहा है कि बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के बड़का रोड स्थित पठानकोट मोहल्ले के रहने वाले इशाक के मकान में निर्माण कार्य चल रहा है. शनिवार सुबह मकान के लिंटर की ढलाई की गई थी. इशाक दूध बेचने का काम करता है. उसने अपने पशु नवनिर्मित लिंटर के नीचे बांध रखे थे. शनिवार शाम इशाक का बड़ा बेटा इमरान और छोटा बेटा वसीम पशुओं का दूध निकाल रहे थे. इस दौरान किसी कारण लिंटर में लगी बल्ली टूट गई. जिससे पूरा लिंटर भरभराकर नीचे गिर गया. लिंटर के मलबे में दोनों भाई और पशु दब गए. परिजनों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया.

इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मलबे में दबे दोनों युवकों को निकाल कर निजी अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने वसीम (21) को मृत घोषित कर दिया. वसीम की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सीओ विजय चौधरी का कहना है कि मकान का लिंटर लग चुका था. इसके नीचे भैंस व अन्य जानवर बंधे थे. किसी कारण लिंटर गिरने से हादसा हुआ था. एक युवक और तीन पशुओं की जान गई है. मामले की जांच कराई जा रही है.


लखनऊ में अमौसी मेट्रो स्टेशन की पटरी पर गिरा बुजुर्ग, मचा हड़कंप

अमौसी मेट्रो स्टेशन पर शनिवार दोपहर एक बुजुर्ग अचानक प्लेटफार्म से ट्रेन की पटरी पर गिरकर घायल हो गया. इस घटना से मेट्रो स्टेशन पर हड़कंप मच गया. आननफानन सुरक्षाकर्मियों ने स्थानीय पुलिस की मदद से लोक बंधु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज जारी है.

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र की बदाली खेड़ा पुलिस चौकी प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि बिजनौर थाना क्षेत्र निवासी महेश शर्मा (67) शनिवार दोपहर करीब 1 बजे अमौसी मेट्रो स्टेशन पहुंचे थे. इसी दौरान अचानक गश खाकर प्लेटफार्म से नीचे रेल की पटरी पर गिर गए. वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें पटरी से उठाकर पुलिस को सूचना दी थी. महेश शर्मा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से रिटायर्ड हैं. उनका लोक बंधु अस्पताल में इलाज जारी है. चिकित्सकों ने हालत खतरे से बाहर बताई है.

यह भी पढ़ें : हापुड़ में सोते हुए परिवार के ऊपर भरभरा कर गिरी छत, 13 साल के मासूम की मौत, 5 बच्चों सहित 7 लोग घायल

यह भी पढ़ें : कानपुर में बड़ा हादसा : घर की छत ढही, तीन की मौत