ETV Bharat / state

बागपत में युवक ने खुद को गोली मारकर की खुदकुशी: दिल्ली अस्पताल में मौत, व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा- 'मौत का जिम्मेदार मैं खुद'

बागपत के रटौल में 24 वर्षीय युवक समरान ने खुदकुशी कर ली. व्हाट्सएप स्टेटस पर खुद को मौत का जिम्मेदार बताया था.

Photo Credit: ETV Bharat
'मेरी मौत का जिम्मेदार मैं खुद हूं': खुदकुशी से पहले युवक का व्हाट्सएप स्टेटस (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : August 27, 2026 at 9:47 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बागपत: बागपत जनपद के रटौल कस्बे में गुरुवार शाम एक 24 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों से घर के अंदर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो युवक लहूलुहान हालत में पड़ा मिला. आनन-फानन में उसे दिल्ली के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

कमरे में खुद को मारी गोली: रटौल निवासी समरान (24) पुत्र इसरत गाड़ी चलाने का कार्य करता था. गुरुवार शाम वह घर में अपने कमरे में था और इसी दौरान उसने अज्ञात कारणों से खुद को गोली मार ली. गोली की आवाज सुनते ही परिजन दौड़कर कमरे में पहुंचे तो समरान गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था. परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए दिल्ली के एक अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस कर रही सुसाइड केस की जांच: समरान की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंच गए और परिजनों को सांत्वना देने लगे. समरान छह भाइयों और दो बहनों में शामिल था. समरान ने सुसाइड करने से पहले अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर कुछ भावुक और उदास संदेश लगाए थे.

व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा- जिम्मेदार मैं खुद: एक स्टेटस में उसने अपनी मौत का जिम्मेदार स्वयं को बताया था. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और स्टेटस की भी पड़ताल की जा रही है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है.

दिल्ली के अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया: स्थानीय स्तर पर पारिवारिक कलह को लेकर भी चर्चाएं हैं, लेकिन अभी तक पुलिस ने किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. रटौल पुलिस चौकी प्रभारी सजीव कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक द्वारा स्वयं को गोली मारने की बात सामने आई है. घटना के बाद इन स्टेटस के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर दिखाई दे रहे हैं. पुलिस मोबाइल और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके.

यह भी पढ़ें- मथुरा: बांके बिहारी मंदिर में उमड़ा बहनों का प्यार, डाक से आईं 20 हजार राखियां, नन्ही भक्त ने लिखा भावुक पत्र