ETV Bharat / state

यूपी-बिहार के पुलिस अफसरों को ठगने वाला शातिर गिरफ्तार, SP क्राइम मुख्यालय बताकर झांसे में लेता था

आरोपी डीजीपी के किसी घनिष्ठ मित्र के साथ लूट की फर्जी कहानी गढ़कर पुलिस अधिकारियों को झांसे में लेता था.

पुलिस ने आरोपी ठग को किया गिरफ्तार.
पुलिस ने आरोपी ठग को किया गिरफ्तार. (Photo Credit; Baghpat Police)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : June 2, 2026 at 6:58 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बागपत : पुलिस ने एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने उत्तर प्रदेश और बिहार के पुलिस अधिकारियों को भी शिकार बनाया था. आरोपी खुद को एसपी क्राइम मुख्यालय का अधिकारी बताकर पुलिस वालों से लाखों रुपये की ऑनलाइन ठगी कर चुका है. आरोपित के जाल में फंसकर बागपत के एक चौकी इंचार्ज को भी 25 हजार रुपये गवाने पड़े थे.

आरोपी लाल मोहन राय ने ठगी का एक बेहद शातिर तरीका ईजाद किया था. वह सबसे पहले जनपद के पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करता और खुद को एसपी क्राइम मुख्यालय, लखनऊ का अधिकारी बताकर किसी थाना या चौकी इंचार्ज का मोबाइल नंबर मांगता. कंट्रोल रूम से फोन आने के कारण पुलिसकर्मियों को रत्ती भर भी संदेह नहीं होता था. इसके बाद वह संबंधित अधिकारी को फोन करता और डीजीपी के किसी 'घनिष्ठ मित्र' के साथ लूट की फर्जी कहानी गढ़कर उन्हें झांसे में ले लेता था.

बीती 5 अप्रैल को ललियाना चौकी इंचार्ज अमित कुमार के पास कंट्रोल रूम के जरिए फोन आया कि एसपी क्राइम बात करना चाहते हैं. आरोपी ने फोन पर खुद को एसपी क्राइम बताते हुए कहा कि एक सोना व्यापारी का तीन किलो सोना लूट लिया गया है और एक बदमाश उनकी चौकी क्षेत्र में छिपा है. उसने चौकी इंचार्ज पर दबाव बनाया कि वे सोना खरीदने का नाटक कर बदमाश को पकड़ें और बयाना के तौर पर रुपये ट्रांसफर करें. विरोध करने पर आरोपी ने डीजीपी के नाम का हवाला देकर सस्पेंड करने की धमकी दी. डर की वजह से चौकी इंचार्ज ने अपने परिचित के जरिए 25 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए.

​विवेचक इंस्पेक्टर संत शरण सिंह ने बताया कि जांच के दौरान बिहार के मोतिहारी निवासी लाल मोहन राय की पहचान हुई, जो वर्तमान में फरीदाबाद के सेक्टर-81 में परिवार के साथ रह रहा था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में कबूल किया कि उसने अपने साथी अजय चौबे (गोपालगंज, बिहार) के साथ मिलकर जमुई की थाना प्रभारी रूबी कुमारी से 50 हजार, सिद्धार्थनगर के चौकी इंचार्ज सुदीप कुमार यादव से 30 हजार समेत करीब 20 पुलिस अधिकारियों से लाखों रुपये ठगे हैं. उसने मेरठ की रोहटा थाना इंचार्ज पूजा पंवार को भी ठगने की कोशिश की थी, लेकिन उनकी सतर्कता से वह नाकाम रहा.

साइबर ठग लाल मोहन राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. आरोपित का गिरोह कंट्रोल रूम को माध्यम बनाकर पुलिस अधिकारियों का विश्वास जीतता था और फिर फर्जी कहानी रचकर ठगी करता था. उसके फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है. जल्द ही उन्हें भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.

संत शरण सिंह, इंस्पेक्टर

यह भी पढ़ें : मुजफ्फरनगर में यूरिया की कालाबाजारी पकड़ी, तीन ट्रक से 454 बोरे जब्त, आठ गिरफ्तार