ETV Bharat / state

बदायूं में हथियारबंद बदमाशों का सर्राफा दुकान पर धावा, राहगीरों ने तीन को दबोचा

उघैती थाना क्षेत्र के खितौरा बाजार में बाइक से आए चार बदमाशों ने तमंचे दिखाकर की दुस्साहिक वारदात.

बदायूं; सर्राफा दुकान में लूटपाट.
बदायूं; सर्राफा दुकान में लूटपाट. (Photo Credit : ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : December 20, 2025 at 10:46 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बदायूं : उघैती थाना क्षेत्र के खितौरा बाजार में शुक्रवार बाइकसवार चार बदमाशों ने अचानक एक सर्राफा दुकान में धावा बोल दिया. बदमाशों ने दुकानदार को गन प्वाइंट पर लेकर सोने चांदी के जेवर बोरे में भर लिए और पांच लाख की नकदी भी लूट ली. दुकान से निकलने के दौरान सर्राफा व्यापारी ने शोर दिया तो आसपास के राहगीरों ने तीन बदमाशों को दबोच लिया. राहगीरों ने बदमाशों की खूब पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया.

लूट की घटना के बाद एसएसपी डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. एसएसपी ने कहा कि लूट की घटना में 3 अभियुक्त मौके से पकड़े गए हैं. लूट के सोने की बरामदगी हो गई है. रुपये फरार बदमाश के पास हैं. आरोपी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 4 टीमें लगी हैं. मामले में उघेती इंस्पेक्टर और चौकी इंचार्ज पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.


एसपी ग्रामीण ह्रदयेश कठेरिया ने बताया कि उघैती थाना क्षेत्र के खितौरा बाजार में लूटपाट की सूचना मिली थी. प्राथमिक जांच में पता चला कि खितौरा निवासी लालाराम रस्तोगी बिसौली सहसवान रोड स्थित मार्केट में सर्राफ की दुकान चलाते हैं. शुक्रवार शाम करीब पांच बजे बाइक सवार चार बदमाश दुकान में दाखिल हुए और लालाराम को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया. इसके बाद बदमाशों ने अलमारी में रखे आभूषण बोरी में भरवा लिए और दुकान में रखे पांच लाख रुपये भी लूट लिए. लूटपाट के बाद जैसे ही बदमाश बाइक पर सवार हुए, दुकानदार ने शोर मचा दिया. शोर सुनकर राहगीरों और स्थानीय व्यापारियों उन्हें घेर लिया. इस दौरान तीन बदमाशों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी.

एसपी ग्रामीण ह्रदयेश कठेरिया के मुताबिक लूटपाट के आरोपी तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है. फरार बदमाश की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है. पिटाई से घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. गिरफ्तार बदमाशों से लूटा गया माल बरामद कर लिया गया है. बदमाशों के पास से दो तमंचे और बाइक भी बरामद हुई है.

यह भी पढ़ें : बदायू में साईं मंदिर के पुजारी की गला घोंटकर हत्या, हाथ-पैर बंधे मिले

यह भी पढ़ें : बदायूंः किसान से लूट का खुलासा, जानिये कैसे पकड़े गए बदमाश