मंडी शिवरात्रि महोत्सव के लिए रवाना हुए ये देवता, 9 दिन की यात्रा के बाद पहुंचेंगे छोटी काशी
मंडी में 16 फरवरी से 22 फरवरी तक अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव आयोजित किया जा रहा है. ये हिमाचल की देव सांस्कृतिक का प्रतीक है.


By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 6, 2026 at 3:45 PM IST
|Updated : February 6, 2026 at 4:46 PM IST
मंडी: पुरातन परंपराओं का निर्वहन करते हुए मंडी जनपद के आराध्य बड़ा देव कमरूनाग ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2026 में भाग लेने के लिए विधिवत प्रस्थान किया है. इस अवसर पर कमरू घाटी के गोत गांव में आस्था, श्रद्धा और देव परंपराओं का अनुपम संगम देखने को मिला है. आज सुबह गोत गांव स्थित भंडार से देव वाद्य यंत्रों की मंगलमय ध्वनियों के बीच बड़ा देव कमरूनाग जी का सूरज पख्खा धंग्यारा गलू स्थित परता स्थल (थड़ा) पर पहुंचा. यहां कुछ समय विश्राम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर देवता का आशीर्वाद प्राप्त किया.
काहुली और नगाड़े से गूंजी देवधुन
परंपरागत देव वाद्य यंत्रों की मधुर स्वर लहरियों के साथ बड़ा देव कमरूनाग जी पूरे लाव-लश्कर के साथ राजा माधोराय की नगरी की ओर रवाना हुए. चार काहुली, रियासतकालीन नगाड़ा, ढोल और धांस की मंगलध्वनि से यात्रा मार्ग भक्तिरस में डूब गया. देवता के साथ पुजारी बोधराज ठाकुर, कटवाल चेत राम ठाकुर, पूर्व गूर सहित कुल 28 देवलू यात्रा में सम्मिलित हैं. सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से पुलिस कर्मी एवं राजस्व विभाग के कर्मचारी भी देव यात्रा के साथ चल रहे हैं. ये देव यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि मंडी जनपद की समृद्ध देव संस्कृति और परंपराओं को भी सजीव रूप में प्रस्तुत करती है.

9वें दिन पहुंचेंगे मंडी
बड़ा देव कमरूनाग जी के पुजारी बोधराज ठाकुर ने बताया कि 'ये यात्रा पूर्णतः पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न होगी. 9 दिवसीय पैदल यात्रा के उपरांत बड़ा देव कमरूनाग का दिव्य स्वरूप मंडी नगर पहुंचेगा. इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में देवता अपने भक्तों को दर्शन देंगे और जनकल्याण का आशीर्वाद प्रदान करेंगे. 13 फरवरी को देव कमरूनाग मंडी शहर के समीप गुटकर में एक भक्त के घर रात्रि ठहराव करेंगे. इसके अगले दिन 14 फरवरी को मंडी शहर के प्रवेश द्वार पुलघराट के समीप जिला प्रशासन और सर्व देवता कमेटी और बड़ा देव कमरूनाग जी का परंपरागत एवं भव्य स्वागत किया जाएगा.'
जिला प्रशासन और राज परिवार करेगा स्वागत
मंडी पहुंचने पर बड़ा देव कमरूनाग जी का महामिलन मंडी जनपद के अधिष्ठाता राज देवता माधोराय के राजमहल स्थित मंदिर में होगा. यहां अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन की ओर से देवता का विधिवत स्वागत किया जाएगा. राज परिवार के स्वागत पश्चात बड़ादेव कमरूनाग जी टारना स्थित माता श्यामा काली मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां वो पूरे शिवरात्रि महोत्सव के दौरान विराजमान रहकर श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे. परंपरा के अनुसार बड़ा देव कमरूनाग के मंडी पहुंचते ही अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के धार्मिक कारज विधिवत आरंभ माने जाते हैं.

16 फरवरी से शुरू होगा शिवरात्रि मेला
ब्यास नदी के तट पर बसी सांस्कृतिक नगरी छोटी काशी मंडी में इस साल 16 फरवरी से 22 फरवरी तक अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव आयोजित किया जा रहा है, जो नगर की सांस्कृतिक निरंतरता और ऐतिहासिक विरासत को रेखांकित करता है. महोत्सव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से देवताओं का मंडी आगमन होता है.
ये भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव: सराज के 42 देवी-देवताओं को निमंत्रण

