Lioness Sunaina Death : सज्जनगढ़ लॉयन सफारी में 'सुनैना' की मौत, 3 महीने से चल रहा था इलाज
शेरनी सुनैना की मौत के वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होंगे. सज्जनगढ़ लॉयन सफारी की शुरुआत 16 फरवरी 2026 को हुई थी.

Published : August 23, 2026 at 9:43 PM IST
उदयपुर: सज्जनगढ़ लॉयन सफारी में साढ़े 5 साल की मादा एशियाटिक शेरनी सुनैना की रविवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. सुनैना पिछले करीब तीन महीने से बीमार थी और 24 मई से पशु चिकित्सकों की निगरानी में उसका लगातार उपचार चल रहा था. मौत के बाद तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया.
मौत के वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होंगे. 21 जुलाई से 20 अगस्त तक सुनैना की सेहत में लगातार सुधार देखा गया था. इस दौरान वह नियमित रूप से पूरा भोजन ले रही थी और उपचार का सकारात्मक असर दिखाई दे रहा था. हालांकि, 21 अगस्त की सुबह केयरटेकर्स ने देखा कि उसने रात में दिया गया भोजन पूरी तरह नहीं खाया. इसके बाद मेडिकल टीम ने तत्काल उसके ब्लड के नमूने लेकर जांच की और रिपोर्ट के आधार पर उपचार शुरू किया.
22 और 23 अगस्त को भी रक्त जांच की रिपोर्ट के अनुसार उसे आवश्यक दवाइयां और उपचार दिया गया. रविवार दोपहर अचानक उसकी हालत गंभीर हो गई और उपचार के बीच उसकी मौत हो गई. -मुकेश सैनी, मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव).
सुनैना की मौत के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया. शाम 4:30 बजे डॉ. शैलेन्द्र शुक्ला, डॉ. महेन्द्र मेहता और डॉ. हिमांशु व्यास ने शव का पोस्टमार्टम किया. इसके बाद रविवार शाम करीब 6 बजे सज्जनगढ़ जैविक उद्यान परिसर स्थित श्मशान स्थल पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत शेरनी का अंतिम संस्कार किया गया.
इस दौरान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) मुकेश सैनी, क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रभुलाल मीणा, सहायक उप निरीक्षक योगेश कुमार, पटवारी गिरधर सिंह राजपूत सहित सज्जनगढ़ जैविक उद्यान का स्टाफ और स्थानीय ईडीसी सदस्य मौजूद रहे. सज्जनगढ़ लॉयन सफारी की शुरुआत इसी साल 16 फरवरी को हुई थी. शुरुआत में यहां सुनैना और नर शेर सम्राट को शिफ्ट किया गया था. सुनैना की मौत के बाद अब सफारी में केवल 'सम्राट' ही बचा है.

