ETV Bharat / state

रेवाड़ी में चलती एंबुलेंस में महिला की डिलीवरी, बेटी को दिया जन्म, डॉक्टर की सूझबूझ से जच्चा-बच्चा स्वस्थ

रेवाड़ी में महिला ने चलती एंबुलेंस में बच्ची को जन्म दिया. डॉक्टरों की सूझबूझ से हादसा टल गया. फिलहाल जच्चा-बच्चा सुरक्षित हैं.

Baby girl born in moving ambulance in Rewari
रेवाड़ी में चलती एंबुलेंस में महिला की डिलीवरी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : June 24, 2026 at 9:24 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रेवाड़ी: मंगलवार को रेवाड़ी में महिला ने चलती एंबुलेंस में बच्ची को जन्म दिया. दरअसल डायल 112 पर कॉल आई कि गिंदोखर गांव में महिला की डिलीवरी होनी है. सूचना मिलने के बाद सिविल अस्पताल से चालक सुनील कुमार इमरजेंसी मेडिकल टेक्निशियन अशोक कुमार एंबुलेंस लेकर गांव पहुंच गए. इसके बाद गर्भवती महिला को लेकर एंबुलेंस सिविल अस्पताल के लिए निकली. रास्ते में ही महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ गई.

चलती एंबुलेंस में महिला की डिलीवरी: ईएमटी अशोक कुमार ने सूझबूझ का परिचय देते हुए एंबुलेंस में ही महिला की डिलीवरी करा दी. महिला ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया. बाद में जच्चा-बच्चा को अस्पताल दाखिल कराया गया. रेवाड़ी जिले के गांव गिंदोखर निवासी सुनील की पत्नी प्रवेश देवी को दो संतान पहले से हैं. वो गर्भवती थी और स्वास्थ्य विभाग से लगातार चेकअप करा रही थी. मंगलवार को प्रसव पीड़ा शुरू होते ही परिजनों ने एंबुलेंस बुलवा ली.

रास्ते में प्रसव पीड़ा बढ़ी: जब प्रवेश को एंबुलेंस में लेकर सिविल अस्पताल लाया जा रहा था, तो रास्ते में प्रसव पीड़ा बढ़ गई. ईएमटी अशोक कुमार ने चलती एंबुलेंस में ही प्रवेश की सफलतापूर्वक डिलीवरी करा दी. एंबुलेंस ने अस्पताल पहुंचकर प्रवेश को नवजात बच्ची सहित प्रसूती वार्ड में दाखिल करा दिया. इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने जच्चा और बच्चा दोनों की जांच की.

डॉक्टर ने दिया सूझबूझ का परिचय: दोनों के स्वस्थ होने की पुष्टि होने के बाद सीएमओ नरेंद्र दहिया व अस्पताल के दूसरे अधिकारियों ने ईएमटी अशोक कुमार की सराहना की. प्रसूती के बाद सीएमओ डॉक्टर नरेंद्र दहिया वार्ड में पहुंचे. वहां जच्चा-बच्चा का कुशलक्षेम जाना. नवजात के पिता सुनील ने तीसरी संतान के रूप में परिवार में बच्ची पैदा होने पर खुशी जाहिर करते हुए ईएमटी और समय पर एंबुलेंस पहुंचाने पर चालक के प्रयासों की सराहना की.

सीएमओ ने की सराहना: सीएमओ डॉक्टर दहिया के अनुसार "आपात स्थिति में मरीज को मदद पहुंचाने में इमरजेंसी मेडिकल टेक्निशियन बड़ी भूमिका अदा करते हैं. इससे पहले भी ईएमटी अरुण कुमार, विनोद यादव, आशीष, उमेद, राजकुमार, रवि सिंहवाहिया, प्रदीप व सुनील भी चलती एंबुलेंस में महिलाओं की सफलतापूर्वक ढंग से डिलीवरी करा चुके हैं. वो हादसों और गंभीर मरीजों की जान बचाने में भी बड़ी भूमिका अदा करते हैं."

ये भी पढ़ें- पानीपत में बड़ी लापरवाही, मोर्चरी का डी-फ्रिज खराब होने से शव सड़ने का आरोप , सीएमओ ने किया इंकार