बाबूलाल मरांडी ने पार्टी के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्षों का किया स्वागत, सांगठनिक कार्यों को धरातल पर उतारने का दिया संदेश
रांची स्थित बीजेपी कार्यालय में नवनिर्वाचित जिला अध्यक्षों का प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने स्वागत किया और उन्हें पार्टी की नीतियों से अवगत कराया.

Published : January 11, 2026 at 8:57 PM IST
रांची: झारखंड बीजेपी के 27 नवनिर्वाचित जिलाध्यक्षों का रविवार को प्रदेश बीजेपी कार्यालय के सभागार में स्वागत किया गया. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने अंग वस्त्र एवं माला पहनाकर स्वागत किया और उनके यशस्वी कार्यकाल के लिए मंगलकामनाएं दी.
सभी नवनिर्वाचित जिलाध्यक्षों को सौंपा टास्क
स्वागत समारोह के दौरान बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने जिलाध्यक्षों की पार्टी में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए सलाह दी कि पार्टी की ओर से, जो भी कार्यक्रम तय होंगे, उसे पूरी जिम्मेदारी से अपने अपने जिले में धरातल पर उतारें. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में एसआईआर के कार्यों को धरातल पर उतारने का टास्क भी नवनिर्वाचित जिलाध्यक्षों को सौंपा है. उन्होंने कहा कि गहन मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया (SIR) के माध्यम से घुसपैठिए चिन्हित होंगे और इस प्रक्रिया में सभी जिलाध्यक्षों को अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है.
वहीं, राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की अप्रत्याशित वृद्धि चिंतित करने वाली है और SIR के माध्यम से मतदाता सूची का शुद्धिकरण होगा.
कार्यालय में मनाया गया बाबूलाल मरांडी का जन्मदिन
इधर, बीजेपी के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्षों के स्वागत समारोह से पहले सभागार में प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. बीजेपी नेताओं ने बाबूलाल मरांडी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी.
आज प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष श्री @yourBabulal जी की अध्यक्षता में पार्टी के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों का स्वागत समरोह सम्पन्न हुआ।
— BJP JHARKHAND (@BJP4Jharkhand) January 11, 2026
इस दौरान प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्री @AdityaPdSahu जी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री @NagendraNathBJP जी, महामंत्री… pic.twitter.com/4QjUTSS96F
नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों को प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित प्रदेश के नेताओं ने बधाई शुभकामनाएं दी. संगठन विस्तार और मजबूती की दृष्टि से बीजेपी ने रांची ग्रामीण को पूर्वी और पश्चिमी दो जिलों में बांटा है. चक्रधरपुर और गिरिडीह ग्रामीण भी दो नए सांगठनिक जिले बनाए गए हैं. जिलाध्यक्षों के चयन में सर्व स्पर्शी, सर्व व्यापी बीजेपी का ध्यान रखते हुए महिला सशक्तिकरण पर भी बल दिया गया है.
बीएलए से बोले बाबूलाल मरांडी?
बैठक में शामिल सभी विधानसभा क्षेत्रों के बीएलए-1 को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि, जो रिपोर्ट आई हैं उसमें राज्य के 72 विधानसभा क्षेत्रों की डेमोग्राफी में बदलाव आया है. उन्होंने सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि 2019 से 24 के बीच इस विधानसभा में 10% की मतदाता वृद्धि हुई लेकिन जब गहराई से देखेंगे तो गैर मुस्लिम मतदाताओं में जहां 7% की वृद्धि हुई है जबकि मुस्लिम मतदाताओं में 78% की वृद्धि हुई है.

घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप
ठीक इसी प्रकार हर विधानसभा में वृद्धि अप्रत्याशित दिख रही है, जो बता रहा कि घुसपैठियों को संरक्षण देकर मतदाता बनाया गया है. उन्होंने कहा आरोप लगाते हुए कहा कि यह कोई सामान्य वृद्धि नहीं बल्कि सुनियोजित षड्यंत्र है. उन्होंने बैठक में शामिल जिलाध्यक्षों एवं बीएलए -1 को चुनाव आयोग के साथ मिलकर अवैध मतदाताओं को चिन्हित कराने में सहयोग करने का आह्वान किया.
48 नगर निकाय चुनाव में बीजेपी कार्यकर्ताओं को जीत दिलाने का लें संकल्प: आदित्य साहू
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने बताया कि नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों को संकल्प लेने की जरूरत है. आगामी निकाय चुनाव में सभी 48 नगर निकाय सीटों पर बीजेपी कार्यकर्ताओं की प्रचंड जीत हो. इसके साथ ही उन्होंने झारखंड की राज्य सरकार से वादा खिलाफी, लूट और भ्रष्टाचार को उजागर करने का आह्वान किया.

SIR के खिलाफ जनता को दिग्भ्रमित कर रहे हैं ये लोग
बीजेपी नेता आदित्य साहू ने आरोप लगाते हुए कहा कि इंडी गठबंधन के लोग, जिसमें कांग्रेस-झामुमो-राजद शामिल हैं, एसआईआर के खिलाफ जनता को दिग्भ्रमित कर रहे हैं. चुनाव आयोग निष्पक्ष संस्था है और कांग्रेस के लंबे कार्यकाल में भी एसआईआर होता रहा है. एसआईआर, भारत के निवासी मतदाताओं के लिए कोई परेशानी वाला पुनरीक्षण नहीं है. देश के नागरिक को इससे कोई दिक्कत नहीं है लेकिन जो दल घुसौसीठियों को वोट बैंक बना चुके हैं उन्हें दिक्कत हो रही है.
गैर नागरिक नहीं होता सकता भारत का मतदाता
उन्होंने सरकार पर हमला कहा कि कि साहिबगंज के केवल उधवा प्रखंड में 78% मतदाता वृद्धि सवाल खड़ा करता है. एसआईआर से ही इसका समाधान होगा. उन्होंने कहा कि एसआईआर को दल से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए. वोटिंग लिस्ट में सुधार सभी दलों की जिम्मेवारी है, जो भारत का नागरिक नहीं है वह मतदाता भी नहीं हो सकता है. इस दौरान क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी एवं प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी एसआईआर की प्रक्रिया एवं उसकी बारीकियों, उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला.
नवनिर्वाचित बीजेपी जिलाध्यक्षों का स्वागत
नए जिलाध्यक्ष स्वागत कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष दुमका -रूपेश मंडल, पाकुड़- सरिता मुर्मू, जामताड़ा- सुमित शरण, देवघर- सचिन रवानी, गोड्डा- लक्ष्मी चक्रवर्ती, साहिबगंज- गौतम यादव, धनबाद (ग्रामीण)- मोहन कुंभकार, धनबाद- (महानगर) श्रवण राय, गिरिडीह (महानगर)- रंजीत कुमार राय, गिरिडीह (ग्रामीण)- महेंद्र वर्मा, हजारीबाग- विवेकानंद सिंह, चतरा- रामदेव भोक्ता, रामगढ़- संजीव कुमार, रांची (महानगर) -वरुण साहू, रांची (पूर्वी) -विनय महतो धीरज, रांची (पश्चिम)- नरेंद्र सिंह, गुमला- सागर उरांव, सिमडेगा- दीपक पुरी, पलामू- अमित तिवारी, लातेहार-बंशी यादव, चाईबासा- गीता बालमुचू, चक्रधरपुर -दीपक पासवान, सरायकेला खरसावां- हरिकृष्ण प्रधान, कोडरमा-अनूप जोशी, जमशेदपुर महानगर-संजीव सिन्हा, खूंटी- आनंद कुमार, गढ़वा- उदय कुशवाह शामिल हुए.
ये भी पढ़ें- यौन शोषण के जिस मामले ने पूरे महाराष्ट्र को झकझोर दिया था, उसके सह-आरोपी को BJP ने बनाया 'मनोनीत पार्षद'
बीजेपी के पलामू जिला अध्यक्ष बने अमित तिवारी, पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में निर्विरोध चुने गए

