मॉब लिंचिंग में मारे गए कमलेश के घरवालों से मिले बाबूलाल मरांडी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष, कहा- दोषियों को मिले कड़ी सजा
गिरिडीह में बाबूलाल मरांडी ने युवक की पीट-पीटकर हत्या मामले में परिजनों से मिलकर ढांढ़स बंधाया.

Published : December 25, 2025 at 6:15 PM IST
गिरिडीह, जमुआ:जिले के राजधनवार के सिरसाय में जमीन विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या की घटना के बाद गुरुवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मानिकबाद गांव पहुंचे और मृतक कमलेश सिंह के परिजनों से मुलाकात की.
बाबूलाल मरांडी ने मृतक के पिता मुंशी सिंह से घटना की विस्तार से जानकारी ली. मुंशी सिंह ने बताया कि 17 दिसंबर को सिरसाय के प्रदीप राय नामक शख्स उनके पुत्र कमलेश को घर से बुलाकर ले गया था. शाम में सूचना मिली कि बरोटांड़ गांव के किशोरी अग्रवाल और अन्य लोगों ने कमलेश की हत्या कर दी है.
दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की कोशिश करेंगेः बाबूलाल
वहीं शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि क्रूरता की सीमा लांघ कर युवक की हत्या की गई है. इस घटना में संलिप्त दोषियों को सजा मिले इसकी कोशिश की जा रही है. गिरिडीह के एसपी से इस मामले में बात हुई है. उनके द्वारा बताया गया कि इस घटना में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. घटना में संलिप्त अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम छापेमारी कर रही है. शीघ्र ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.
पीड़ित परिवार के साथ भाजपा
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकार और पार्टी से सहयोग उपलब्ध करवाया जाएगा. इस मौके पर भाजपा नेता अशोक उपाध्याय, कामेश्वर पासवान, बमशंकर उपाध्याय, अशोक यादव, सुनील साव, मंतोष उपाध्याय, जितेंद्र शर्मा, लखन मंडल, प्रदीप सिंह, अशोक यादव, ऋषि उपाध्याय, गेंदों राय आदि मौजूद थे.

कांग्रेसियों ने भी की पीड़ित परिवार से मुलाकात
दूसरी तरफ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सतीश केडिया ने भी मृतक कमलेश के परिजनों से मुलाकात की. सतीश ने मृतक के परिजनों को ढाढ़स बंधाया और पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन दिया. साथ ही उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. किसी को भी किसी की जान लेने का हक नहीं है.
इस दौरान झारखंड राज्य पिछड़ा आयोग के सदस्य नरेश वर्मा, देवरी प्रखंड अध्यक्ष मनोज राय, जमुआ प्रखंड अध्यक्ष निजामुद्दीन अंसारी, जिला अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अहमद राजा, नूरी, यस सिन्हा, जुनेद आलम, विमल सिंह, अवधेश सिंह सहित कई प्रमुख कांग्रेसी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें-
जमीन विवाद में मॉब लीचिंग मामला! गिरफ्तार हुआ मुख्य आरोपी
गिरिडीह में देर रात तक पुलिस करती रही माइकिंग, लोगों को किया गया अलर्ट
“मुआवजा अब दर्द नहीं, राजनीति देखकर तय हो रहा है”, बाबूलाल मरांडी का हेमंत सरकार पर बड़ा हमला

