नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी का बयान, झारखंड पुलिस पर नहीं है भरोसा, निकाय चुनाव में हो केंद्रीय बलों की तैनाती
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड नगर निकाय चुनाव में केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग की है.

Published : February 14, 2026 at 7:17 PM IST
रांचीः पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने नगर निकाय चुनाव केंद्रीय बलों की देखरेख में कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि आगामी 23 फरवरी को राज्य के 48 नगर निकाय चुनाव क्षेत्रों में मतदान होंगे, लेकिन अभी तक मतदान केंद्रों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती और सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी लगाये जाने की पहल नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि झारखंड पुलिस पर भरोसा नहीं किया जा सकता है, वर्तमान स्थिति में केंद्रीय बलों की तैनाती आवश्यक है.
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों में ईवीएम से चुनाव होने के बावजूद मतदान केंद्रों, स्ट्रॉग रूम और मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाते रहे हैं, लेकिन निकाय चुनाव को राज्य सरकार ने बैलेट से कराने का निर्णय लिया है. ऐसे में बड़े पैमाने पर बूथ कैप्चरिंग और बोगस मतदान से इनकार नहीं किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस प्रशासन से जनता का भरोसा समाप्त होता जा रहा है. जब पुलिस के कप्तान ही आरोपी हों और उनकी पोस्टिंग नियम विरुद्ध हो तो फिर उनके अधीनस्थ पर कैसे भरोसा किया जा सकेगा.
भाजपा के आंदोलन और कोर्ट के दबाव पर हो रहा है चुनाव-बाबूलाल
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार निकाय चुनाव कराने के पक्ष में नहीं थी. न्यायालय के सख्त निर्देश और भाजपा के आंदोलनों के दबाव में राज्य सरकार चुनाव कराने को बाध्य हुई है, लेकिन इसे दलीय आधार पर नहीं कराने के पीछे राज्य सरकार को हार का सता रहा भय ही है. राज्य सरकार बैलेट के माध्यम से चुनाव कराकर पुलिस प्रशासन के माध्यम से चुनाव को अपने समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में प्रभावित करना चाहती है.
उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव चाहती है. जिस प्रकार से राज्य में अपराधी बेलगाम हैं, उनका मनोबल सिर चढ़कर बोल रहा है ऐसे में बिना केंद्रीय बल के देखरेख के निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं है. भाजपा इसलिए निर्वाचन आयोग से लगातार मांग कर रही कि राज्य में शांतिपूर्ण, भयमुक्त, निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए सभी बूथों पर स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थलों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती हो तथा मतदान केद्रों और मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं.
ये भी पढ़ें-
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने डीजीपी तदाशा मिश्रा को दी सलाह, हटाने के बजाय खुद दे दें इस्तीफा

