बंद खदान में अवैध खनन से हादसे की हो जांच, संलिप्त लोगों पर सरकार करे कार्रवाई: बाबूलाल मरांडी
बाबूलाल मरांडी ने सरकार से बंद खदान में अवैध खनन के दौरान हादसे की जांच की मांग की है.

Published : February 27, 2026 at 1:30 PM IST
रिपोर्ट: भुवन किशोर झा
रांची: राज्य में बंद पड़े खदानों से अवैध खनन के कारण हो रही दुर्घटना पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने दुख जताया. उन्होंने कहा आश्चर्य कि बात यह है कि विधानसभाध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो को यह पता नहीं है कि उनके विधानसभा क्षेत्र में अवैध खनन हो रहा है. नेता प्रतिपक्ष ने विधानसभा परिसर में मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए ये बाते कही.
अवैध माइनिंग में शामिल लोगों पर हो कार्रवाई: नेता प्रतिपक्ष
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि नाला विधानसभा क्षेत्र में बंद पड़े खदान से अवैध माइनिंग के दौरान दुर्घटना हुई है और उसमें कई लोगों के मारे जाने की सूचना है. वह बेहद ही दुखद है और सरकार को अभी भी चेतना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस घटना में मारे गए लोगों की संख्या की सूचना अलग-अलग तरह से आ रही है. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अवैध माइनिंग में शामिल लोगों के खिलाफ कारवाई करनी चाहिए और गिरफ्तारी होनी चाहिए, ताकि इस तरह के अवैध माइनिंग की रोकथाम हो सके.
एयर एंबुलेंस से कितने को मिला लाभ, सरकार बताए: नेता प्रतिपक्ष
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सरकार से एक बार फिर एयर एंबुलेंस से कितने लोगों को लाभ मिला, इसे सार्वजनिक करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि कल भी हमने यह मांग की थी कि एयर एंबुलेंस से कितने मरीजों को लाभ पहुंचा है, यह जनता को बताना चाहिए. लेकिन संख्या बताने के बजाय सत्तारूढ़ दल के नेता उनके ही बयान को काटने में लगे हैं.
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 2023 से एयर एंबुलेंस चल रहा था तो उस समय से अब तक कितने लोगों को इसका लाभ मिला और सब्सिडी मिली, इसे सरकार को सार्वजनिक करना चाहिए. पत्रकारों के एक सवाल का जवाब देते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि विपक्ष पूरी तरह से सक्रिय है और सदन में सरकार को स्थानीय और राष्ट्रीय मुद्दों पर सवाल पूछ रही है और घेरने का काम किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: एयर एंबुलेंस हादसा: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने विमान कंपनी के खिलाफ की कार्रवाई की मांग, कहा- दर्ज हो केस

