करनाल पहुंचे बाबा रामदेव, बोले- "देश में जरूरी है वन नेशन, वन एजुकेशन और वन इलेक्शन"
हरियाणा के करनाल पहुंचे योग गुरू बाबा रामदेव ने बेबाकी से राहुल गांधी, वंदे मातरम् और बृजभूषण शरण सिंह के मामले में प्रतिक्रिया दी है.

Published : August 23, 2026 at 7:38 PM IST
|Updated : August 23, 2026 at 8:04 PM IST
करनाल : हरियाणा के करनाल में योगगुरु बाबा रामदेव ने शिक्षा व्यवस्था से लेकर चुनाव प्रणाली और भारतीय संस्कृति तक कई मुद्दों पर बेबाकी से अपनी बात रखी. गुरुकुल के नए भवनों का उद्घाटन करने पहुंचे बाबा रामदेव ने कहा कि देश को शिक्षा, चिकित्सा, भाषा और वैचारिक गुलामी से बाहर निकालना होगा. उन्होंने समान शिक्षा व्यवस्था और एक साथ चुनाव की पैरवी करते हुए कहा कि शिक्षा ही देश के भविष्य की सबसे मजबूत नींव है.
"शिक्षा में हो बदलाव" : करनाल पहुंचे योगगुरु बाबा रामदेव ने स्वामी धर्मानंद शास्त्री छात्रावास सहित गुरुकुल के नए भवनों का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती ने भारतीय संस्कृति और संस्कारों पर आधारित जिस गुरुकुलीय शिक्षा व्यवस्था की नींव रखी थी, उसे आज के दौर में और मजबूत करने की जरूरत है. बाबा रामदेव ने कहा कि भारत की शिक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिसमें एक तरफ संस्कृत, हिंदी, भारतीय इतिहास और संस्कृति का ज्ञान हो, तो दूसरी तरफ विज्ञान, गणित, फिजिक्स, केमिस्ट्री और आधुनिक तकनीक की भी पूरी जानकारी विद्यार्थियों को मिले. उनका कहना था कि भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान का संगम ही देश को नई दिशा दे सकता है.
भारतीय शिक्षा बोर्ड से जुड़ेंगे एक लाख विद्यालय : बाबा रामदेव ने भारतीय शिक्षा बोर्ड का जिक्र करते हुए कहा कि देश में ऐसी शिक्षा व्यवस्था तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है, जो भारतीय मूल्यों के साथ आधुनिक जरूरतों को भी पूरा करे. उन्होंने कहा कि इस वर्ष करीब एक लाख विद्यालयों को भारतीय शिक्षा बोर्ड से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है. बाबा रामदेव के मुताबिक शिक्षा व्यवस्था में बदलाव किसी एक व्यक्ति या संस्था का नहीं, बल्कि पूरे देश के भविष्य का सवाल है. जब बाबा रामदेव से उनके आंदोलन को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि आज सबसे बड़ा आंदोलन देश की शिक्षा व्यवस्था को बदलने का है.

वन नेशन, वन एजुकेशन और वन इलेक्शन : उन्होंने वन नेशन, वन एजुकेशन और वन इलेक्शन की जोरदार वकालत की. बाबा रामदेव ने कहा कि शिक्षकों का काफी समय चुनावी ड्यूटी में चला जाता है, जिसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ता है. उन्होंने कहा कि अगर देश में एक समान शिक्षा व्यवस्था और एक साथ चुनाव की व्यवस्था होती है, तो इससे व्यवस्था पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और शिक्षकों का समय भी शिक्षा के लिए अधिक उपलब्ध हो सकेगा.

राहुल गांधी के आंदोलन पर बाबा रामदेव का निशाना : राहुल गांधी के आंदोलन को लेकर भी बाबा रामदेव ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता हासिल करने का रास्ता जनता के वोट से होकर गुजरता है. उन्होंने कहा कि सड़क से संसद तक हंगामा और अराजकता फैलाने से लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत नहीं होती. बाबा रामदेव ने बच्चों को थाने, डीएम या एसएसपी कार्यालय घेरने के लिए कहे जाने को भी उचित नहीं बताया. उन्होंने कहा कि आंदोलन करना है तो लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से किया जाना चाहिए.

वंदे मातरम् विवाद पर क्या बोले रामदेव : वंदे मातरम् को लेकर चल रहे विवाद पर बाबा रामदेव ने कहा कि भारत माता उनके लिए सब कुछ हैं. उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, संस्कृत भाषा और देश की परंपराओं का पर्याप्त ज्ञान नहीं होने के कारण कुछ लोग वंदे मातरम् के महत्व पर सवाल उठाते हैं. बाबा रामदेव ने कहा कि भारतीय संस्कृति और उसकी परंपराओं को गहराई से समझने के बाद ही उनके वास्तविक महत्व का बोध हो सकता है.
बृजभूषण सिंह के बयान पर भी दिया करारा जवाब : वहीं बृजभूषण सिंह द्वारा उनके खिलाफ दिए जा रहे बयानों पर बाबा रामदेव ने कहा कि जिन लोगों की सोच छोटी या घटिया है, उनके बारे में वह ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते. उन्होंने कहा कि स्वामी रामदेव की पहचान उनके काम से है. योग, आयुर्वेद और स्वदेशी के क्षेत्र में उन्होंने देश के सामने जो योगदान दिया है, वही उनकी सबसे बड़ी पहचान है.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : करनाल में बाबा रामदेव का बड़ा संदेश- योग, 'आयुर्वेद और स्वदेशी से मजबूत होगा भारत', विश्व युद्ध जैसे हालात पर जताई चिंता
ये भी पढ़ें : 'डोनाल्ड ट्रंप के बाजे बजेंगे, ब्रिटेन के टुकड़े होंगे', योग गुरु बाबा रामदेव की भविष्यवाणी
ये भी पढ़ें : कुरुक्षेत्र में सूर्य नमस्कार अभियान का भव्य समापन, गूंजा योग का संदेश, बाबा रामदेव बोले-"योग हमारी जीवन पद्धति"

