अयोध्या राम मंदिर प्रकरण के बाद बाबा बैद्यनाथ मंदिर के दान की सुरक्षा पर चर्चा शुरू, पुजारियों ने जताई गहरी चिंता
देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर के पुजारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की बात कही है. हितेश कुमार चौधरी की रिपोर्ट.

Published : June 17, 2026 at 4:47 PM IST
देवघर: अयोध्या के राम मंदिर में चंदे से संबंधित गबन और वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है. जिसके बाद देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में भी मंदिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है. स्थानीय पंडा और पुजारियों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत नहीं किया गया तो भविष्य में यहां भी ऐसी घटनाओं की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है.
भगवान भरोसे मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था
दरअसल, मंदिर व्यवस्था से जुड़े संगठन पंडा धर्म रक्षिणी सभा के वरिष्ठ सदस्य एवं पदाधिकारी निर्मल कुमार पिंटू ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बाबा बैद्यनाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था कई मामलों में भगवान भरोसे चल रही है. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यवस्था में शामिल लोगों की लापरवाही बड़ी घटना को आमंत्रण दे सकती है, साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार निर्धारित सरकारी प्रोटोकॉल से इतर स्थानीय स्तर पर लोगों को प्रवेश दिया जाता है, जिससे मंदिर की व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा प्रभावित होती है.
बैद्यनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की जरूरत
मंदिर के वरिष्ठ पुजारी केदारनाथ झा ने अयोध्या मामले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि मंदिरों के पुजारियों और कर्मचारियों पर लग रहे आरोपों से पूरे देश का पुरोहित समाज आहत है. उन्होंने कहा कि बैद्यनाथ धाम में भी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है क्योंकि कई बार अनजान लोग मंदिर परिसर में घूमते नजर आते हैं और इसकी जानकारी प्रशासन को नहीं होती है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बैद्यनाथ धाम मंदिर में भी इस तरह की छोटी मोटी घटनाएं होती है, हालांकि इसकी पुष्टि किसी मंदिर के अधिकारियों के द्वारा नहीं की गई है.
असामाजिक तत्वों के निशाने पर रहते हैं दान पात्र
वहीं मंदिर के पुजारी राजा बाबा ने कहा कि बैद्यनाथ धाम के पुजारी भक्तों की दान-दक्षिणा से अपना जीवनयापन करते हैं और उनकी मंशा कभी भी किसी प्रकार की चोरी करने की नहीं होती है. हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि दान पात्र हमेशा असामाजिक तत्वों के निशाने पर रहते हैं, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत बनाए रखने की जरूरत है.
गौरतलब है कि हाल के दिनों में बाबा मंदिर परिसर में एक पाकिस्तानी नागरिक के पहुंचने की सूचना भी सामने आई थी, जिसके बाद खुफिया एजेंसियों ने सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाने की सलाह दी थी. हालांकि प्रशासन का कहना है कि आगामी सावन मेले को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं और दान पात्रों की निगरानी भी प्रशासनिक देखरेख में की जाती है.
बाबा धाम मंदिर की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, बढ़ाई गई जवानों की संख्या, लेकिन क्या यह काफी है?
बाबा धाम में चौकसी कड़ी, पाकिस्तानी नोट मिलने के बाद सुरक्षा घेरा हुआ और सख्त

