इंडोनेशिया से बागेश्वर सरकार धीरेंद्र शास्त्री की चेतावनी, अंजाम भोगेंगे राम मंदिर में चोरी करने वाले
राम मंदिर चोरी मामले पर बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री का ऐलान, महादंड से नहीं बचेंगे दोषी. रावण के वंश नाश जैसा होगा हाल.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : June 27, 2026 at 9:47 AM IST
|Updated : June 27, 2026 at 10:34 AM IST
छतरपुर : देश के जानेमाने कथा वाचक बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री इन दिनों इंडोनेशिया में हनुमत कथा सुना रहे हैं. बाबा बागेश्वर ने कथा के दौरान भावुक होकर कहा है कि राम मंदिर में चोरी करने वालों को भगवान महादंड देंगे, उनका विनाश हो जाएगा. उन्होंने कहा कि जैसे रावण द्वारा सीता हरण करने पर उसका वंश नाश हो गया था, ऐसी ही सजा भगवान मंदिर में चोरी करने वालों को देंगे.
इंडोनेशिया में बोले बाबा बागेश्वर
इन दिनों बाबा बागेश्वर तीनो दिनों की हनुमत कथा करने इंडोनेशिया गए हुए हैं. इससे पहले वे श्रीलंका के दौरे पर थे. विदेशी धरती से देश के प्रसिद्व कथा वाचक बाबा बागेश्वर ने श्रीराम मंदिर में हुई चोरी को लेकर गुस्से से लाल दिखाई दिए.
जकार्ता (इंडोनेशिया) में हनुमत कथा के दौरा उन्होंने कहा, '' सीता को हरण करनेवाले रावण का वंश नाश हुआ था. और अब राम मंदिर में चोरी करने वालों को भगवान महादंड देगा.''
'भगवान के महादंड से नहीं बचेंगे राम मंदिर में चोरी करने वाले'
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने राम मंदिर में चोरी करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, '' धर्मस्थल पर पाप करने वालों को भगवान कभी माफ नहीं करते. यह चोरी नहीं करोड़ों लोगों के भरोसे और श्रद्धा की चोरी है. जो राम के नाम पर लोगों ने दान दिया, उस दान को चोरी करने वालों का नाश होगा, पक्का होगा. मैंने सुना है कि एफआईआर हुई है और अभी और जांच हो तो ओर भी पकड़े जाएंगे, पक्का पकड़े जाएंगे. चोरी करने वाले सरकारी दंड तो पाएंगे ही पर भगवान का महादंड भी उन्हें मिलेगा, उससे कोई नहीं बच पाएगा.''

चंपत राय ने छोड़ा राम मंदिर ट्रस्ट
इससे पहले शुक्रवार को अयोध्या राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने नैतिक जिम्मेदारी मानते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. वहीं ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने भी अपना त्यागपत्र सौंप दिया है.इससे पहले गुरुवार को राम मंदिर दान चोरी मामले में गहन जांच के बाद आठ लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया गया है. वहीं, इस मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी.

यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश के मंदिरों में QR कोड से होगा दान, डिजिटल होगी दान व्यवस्था
राम मंदिर के दान में कथित तौर पर करोड़ों के घपले के आरोपों के बाद सीबीआई जांच की भी मांग की जा चुकी है. सुप्रीम कोर्ट में दायर एक याचिका में कहा गया है कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े गायब हुए फंड, अकाउंटिंग में गड़बड़ी और दूसरी वित्तीय गड़बड़ियों से जुड़े आरोप कितने सच हैं, यह सीबीआई जांच से पता चल सकता है.''

