लखनऊ में अयोध्या के भाजपा नेता की हत्या, बदमाशों ने पीछा कर गाड़ी रोकी, मारपीट होता देख दोस्त छोड़कर भागे
सड़क किनारे बेसुध पड़े शिवम को राहगीरों ने अस्पताल में भर्ती कराया. इलाज के दौरान मौत हो गई. सिगरेट को लेकर विवाद हुआ था.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 28, 2026 at 6:14 PM IST
लखनऊ : अयोध्या के भाजपा युवा मोर्चा के नेता शिवम सिंह की लखनऊ में हत्या कर दी गई. विभूतिखंड थाना क्षेत्र में जलवा क्लब के बाहर मंगलवार (26 मई) देर रात सिगरेट को लेकर कुछ युवकों से कहासुनी हुई थी. युवकों ने पीछा कर गाड़ी रोक ली और मारपीट करने लगे. यह देख शिवम के दोस्त भाग गए.
युवकों ने शिवम की बेरहमी से पिटाई की. बेसुध होने पर छोड़ कर भाग निकले. राहगीरों ने शिवम को निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां 27 मई को इलाज के दौरान मौत हो गई. विभूतिखंड पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है. कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है.
भाई सौरभ ने बताया, शिवम अयोध्या में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा का सदस्य था. शिवम अपने दोस्त निलेश मौर्य, जीशान और एक अन्य अज्ञात के साथ अयोध्या से लखनऊ आया था. जहां पर उसके साथ मारपीट हुई. घटना के बारे में जानकारी की तो दोस्तों ने बताया कि जलवा क्लब के सामने सिगरेट की बात को लेकर कुछ युवकों के साथ विवाद हुआ था.
युवकों ने गाड़ी का पीछाकर शिवम को रोक लिया. विवाद बढ़ा तो दोस्त शिवम को छोड़कर भाग गए. इसी दौरान उसके साथ गंभीर मारपीट की गई. जिसमें उन्हें गंभीर चोट आई. राहगीरों ने शिवम को 26 मई की सुबह करीब 4:00 बजे गंभीर अवस्था में गोमतीनगर के एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था. 27 मई की रात 12:00 बजे शिवम की मौत हो गई. पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया. रिपोर्ट आने के बाद एफआईआर दर्ज की गई है. शिवम के सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हुई है.
शिवम के भाई सौरभ सिंह की शिकायत पर विभूतिखंड थाने में हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई है. पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है.
इंस्पेक्टर विभूतीखंड अमर सिंह ने बताया कि 26 मई को विभूतिखंड छाने में अयोध्या निवासी सौरभ सिंह ने शिकायत की कि उनके भाई शिवम सिंह (28) गाड़ी संख्या UP42 NR0560 से लखनऊ आए थे. 26 मई की सुबह 4:00 बजे के करीब उन्हें घायल अवस्था में पत्रकारपुरम गोमती नगर स्थित कंस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर आईसीयू में उनका इलाज चल रहा था. 27 मई की रात 12:00 बजे देहांत हो गया, जिसके बाद FIR दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है.
यह भी पढ़ें : भीषण गर्मी में यूपी वेस्ट का बिजली खपत पैटर्न बदला, 24 घंटे में जानें कितनी है डिमांड?

