ETV Bharat / state

बिहार में पैसे के लेन-देन में पड़ोसी ने ली ऑटो चालक की जान! बोरे में बंद शव मिलने से सनसनी

लखीसराय में रुपयों के विवाद में ऑटो चालक की हत्या कर शव बोरे में फेंका, हिरासत में एक महिला. गोपाल प्रसाद आर्या की रिपोर्ट

AUTO DRIVER MURDERED IN LAKHISARAI
लखीसराय में हत्या के बाद रोते-बिलखते परिजन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 20, 2026 at 8:24 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

लखीसराय: बिहार के लखीसराय में कबैया थाना अंतर्गत बाईपास स्थित मोकना गांव के पास पुल के नीचे से एक युवक का शव बरामद किया. मृतक की पहचान बाईपास पचना रोड चौक निवासी शैलेंद्र कुमार यादव के पुत्र सचिन कुमार के रूप में हुई है. पुल के नीचे बोरे में छिपाकर रखे गए शव मिलने से पूरे इलाके और गांव के लोगों में हड़कंप मच गया है.

थाने पर हंगामा: शव मिलने की सूचना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों का बड़ा हुजूम पीड़ित परिवार के साथ सीधे कबैया थाने पहुंच गया. ग्रामीणों और पीड़ित परिवार के भारी प्रशासनिक दबाव के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध महिला को हिरासत में ले लिया है. पुलिस हिरासत में ली गई महिला से हत्याकांड के संबंध में लगातार पूछताछ कर रही है.

देखें रिपोर्ट (ETV Bharat)

चाची का बयान: घटना के संबंध में मृतक की चाची सीता देवी ने बताया कि सचिन हर दिन की तरह बाजार से टेम्पो चलाकर घर आया था, जिसके बाद पास के ही मकान में रह रहा किरायेदार मिथिलेश कुमार सिंह उसे बुलाकर ले गया. सीता देवी ने बताया कि उसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा और काफी खोजबीन के बाद सुबह थाने से फोन आया कि मोकना गांव के पुल के नीचे एक शव पड़ा है.

"सचिन हर दिन की तरह बाजार से टेम्पो चलाकर घर आया था, जिसके बाद पास के ही मकान में रह रहा किरायेदार मिथिलेश कुमार सिंह उसे बुलाकर ले गया. उसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा और काफी खोजबीन के बाद सुबह थाने से फोन आया कि मोकना गांव के पुल के नीचे एक शव पड़ा है." - सीता देवी, चाची

बेटे का आरोप: मृतक के बेटे कुंदन कुमार ने बताया कि किरायेदार मिथिलेश कुमार सिंह उसके पापा को घर से बुलाकर ले गया था और उसके बाद वह वापस नहीं आए. कुंदन ने आरोप लगाते हुए कहा कि पापा के पास मौजूद तीन लाख रुपये भी गायब हैं और जब मिथिलेश से पूछा गया तो उसने अनजान बनते हुए कहा कि वह कुछ नहीं जानता, मिथिलेश ने ही पापा की हत्या की है.

रुपयों का लेनदेन: मृतक के पिता शैलेंद्र कुमार यादव ने भी मिथिलेश कुमार सिंह पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पुत्र सचिन ने मिथिलेश से कुछ नगद रुपये उधार लिए थे, जिसे वह धीरे-धीरे चुका रहा था. घटना वाले दिन भी सचिन तीन लाख रुपये नगद लेकर गया था जिसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा और उसकी हत्या कर दी गई.

पुलिस की कार्रवाई: लखीसराय के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार ने बताया, कि उन्हें सूचना मिली थी कि मोकना गांव के पुल के नीचे बोरे में छिपाकर युवक का शव रखा है, जांच में इसकी पहचान सचिन के रूप में हुई. परिवार की शिकायत पर एक महिला को हिरासत में लिया गया है, जांच के बाद आगे की जानकारी दी जाएगी.

"सूचना मिली थी कि मोकना गांव के पुल के नीचे बोरे में छिपाकर युवक का शव रखा है, जांच में इसकी पहचान सचिन के रूप में हुई. परिवार की शिकायत पर एक महिला को हिरासत में लिया गया है, फिलहाल आगे की कार्रवाई की जा रही है."- शिवम कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी

इसे भी पढ़ें-

बिहार के इस अस्पताल के बंद कमरे में मिला महिला का शव, आत्महत्या या हत्या?

बिहार में पश्चिम बंगाल के युवक की मौत, पुलिस ने शव किया बरामद