सौतेली मां से झगड़ा करने पर पिता ने बेटे को धूप में खड़ा कर पीटा, हत्या कर शव को 7 किलोमीटर दूर दफनाया
सौतेली मां के विवाद पर पिता ने 13 साल के बेटे को पीट-पीटकर मार डाला, इलाज कराने के बजाए धूप में ही छोड़ा. पढ़ें खबर

Published : May 28, 2026 at 9:00 PM IST
औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले के उपहारा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आ रही है. यहां 13 वर्षीय एक किशोर की हत्या उसके पिता और सौतेली मां ने मिलकर कर दी. यही नहीं हत्या के बाद शव को अरवल जिले में ले जाकर दफन कर दिया जिससे की सुबूत मिटाया जा सके.
मृतक की पहचान: मृतक की पहचान राजेश चौधरी उर्फ मुंगड़ी चौधरी के पुत्र खेसरिया कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है और मामले में आरोपी पति पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि हत्या के बाद शव को गांव से 7 किलोमीटर दूर अरवल जिले के वंशी थाना क्षेत्र में पुनपुन नदी के कछार में जाकर दफना दिया गया.

वाहनों की तलाश: जानकारी के अनुसार पुलिस ने बुधवार को अरवल जिले के बंशी थाना क्षेत्र स्थित पुनपुन नदी के बालू घाट से किशोर का शव बरामद किया. ग्रामीणों की सूचना पर अरवल प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में दंडाधिकारी के सामने शव को बाहर निकाला गया. पुलिस ने बताया कि शव को नदी तक पहुंचाने में बाइक और स्कॉर्पियो का इस्तेमाल की बात सामने आई है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा:पुलिस फिलहाल घटना में इस्तेमाल बाइक और स्कॉर्पियो वाहन की तलाश कर रही है.वहीं शव की बरामदगी के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उपहारा थानाध्यक्ष आकाश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह घरेलू विवाद और सौतेली मां से झगड़ा सामने आया है.
पिता की बेरहमी: खेसरिया का अपनी सौतेली मां जो रिश्ते में उसकी मौसी भी लगती है, उससे किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इस झगड़े की शिकायत महिला नेअपने पति मुंगड़ी चौधरी से की थी. इसके बाद पिता ने बेटे की बेरहमी से पिटाई कर दी.
लाठी-डंडों से वार: ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक, आरोपी पिता ने कड़ी धूप में बच्चे को लाठी और डंडों से पीटा. मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि किशोर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा. वह लगातार अपनी जान की भीख मांगता रहा, लेकिन पिता का दिल नहीं पसीजा. सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण वह बेहोश हो गया. बाद में उसकी मौत हो गई.
इलाज नहीं कराया: आरोप है कि घायल बच्चे का इलाज कराने के बजाय उसे धूप में ही छोड़ दिया गया, जिससे उसकी हालत और बिगड़ती चली गई और आखिरकार उसकी मौत हो गई. जिसके बाद शव को छिपाने की साजिश रची गई और उसे पुनपुन नदी किनारे बालू में दफना दिया गया. ग्रामीणों को शक होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई जिसके बाद मामला उजागर हुआ.
ग्रामीणों को शक: ग्रामीणों के बीच आरोपी मुंगड़ी चौधरी को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं. लोगों का कहना है कि उसने अपनी पहली पत्नी की भी पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. हालांकि उस समय किसी प्रकार की प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई थी. मौत के बाद उसने अपनी साली से दूसरी शादी कर ली.
दादी के आरोप: वहीं बच्चे की दादी और बहन ने गंभीर आरोप लगाए हैं. दादी ने कहा कि पिता द्वारा पिटाई किए जाने के कुछ देर बाद सौतेली मां भी वहां पहुंची और उसने भी किशोर की पिटाई की. बाद में घटना से आहत खेसरिया किसी तरह अपने हाथ खोलकर भूसा घर में गया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. हालांकि पुलिस अभी इस दावे की भी जांच कर रही है.
बहन के आरोप: मृतक की बहन ने भी अपने पिता और सौतेली मां पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उसने बताया कि वह अपने ननिहाल खैरा गांव में रहती है. भाई की मौत की सूचना मिलने के बाद घर पहुंची.
"माता-पिता अक्सर खेसरिया के साथ मारपीट करते थे. घटना वाले दिन भी उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी, जिसके कारण वो मर गया." - मृतक की बहन
पुलिस की जांच: पुलिस फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच कर रही है. दाउदनगर एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. आरोपी पिता और सौतेली मां को गिरफ्तार कर लिया गया है.चौकीदार महबूब आलम के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.
"पूछताछ चल रही है, जल्द ही सच सामने आएगा. पुलिस हत्या, आत्महत्या और शव छिपाने सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. जो भी दोषी होगा उसे बक्शा नहीं जाएगा और विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी." - अशोक कुमार दास, एसडीपीओ, दाउदनगर
इसे भी पढ़ें-
10 साल बाद दादा की हत्या का बदला, पोते ने आरोपी के बेटे को चाकू गोदकर मार डाला
सीतामढ़ी में गुस्से का खौफनाक अंजाम, मामूली विवाद में 16 वर्षीय किशोरी की पीट-पीटकर हत्या
इतना गुस्सा..! बिहार में एक युवक को इतना पीटा कि उसकी जान ले ली

