औरैया में उधार रुपयों के विवाद में मारपीट; एंबुलेंस में युवक ने तोड़ा दम, दो आरोपी हिरासत में
औरैया सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पढीन का मामला.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : June 3, 2026 at 2:48 PM IST
औरैया : सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पढीन में उधार के रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद एक 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. युवक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ग्राम पढीन निवासी मोहित कुमार पुत्र जितेंद्र कुमार की तहरीर के अनुसार गांव के सामने औरैया-फफूंद मार्ग स्थित पढीन चौराहे पर गौरव पाल पुत्र नरेश पाल निवासी नरोत्तमपुर की क्लीनिक है. दुकान पर उसका रिश्तेदार विवेक उर्फ सन्नी पुत्र घनश्याम पाल निवासी सुंदरीपुर भी रहता है. मोहित के अनुसार उसका भाई रोहित अक्सर दुकान पर आता-जाता था. कुछ समय पहले विवेक उर्फ सन्नी ने रोहित से 30 हजार रुपये उधार लिए थे.
मोहित के अनुसार रुपये वापस लेने के लिए रोहित 1 जून की शाम गौरव पाल की दुकान पर पहुंचा था. मोहित के साथ मामा सुरेंद्र सिंह भी थे. जहां विवेक उर्फ सन्नी ने रोहित को प्लास्टिक के गिलास में कोई पेय पदार्थ पिलाया. इसके बाद जब रोहित ने अपने उधार दिए रुपये वापस मांगे तो कहासुनी हो गई. इसी दौरान गौरव ने रोहित पर डंडे से वार कर दिया और विवेक ने धक्का देकर दुकान से बाहर निकाल दिया. मारपीट के दौरान कुछ स्थानीय लोग भी मौजूद थे.
रोहित की हालत बिगड़ने के कारण सुरेंद्र अन्य परिजनों की मदद से उसे औरैया के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया. परिजन एंबुलेंस से उसे कानपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. क्षेत्राधिकारी औरैया अशोक कुमार ने बताया कि रोहित के भाई की तहरीर के आधार पर दो आरोपियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है. दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.

