बिहार में मंदिर से लौटे युवक को जिंदा जलाने की कोशिश, मंगेतर समेत चार पर FIR
सिवान के एक मामले ने सबको हैरत में डाल दिया है. आरोप लगाया गया है कि मंगेतर की जान लेने की कोशिश की गई. पढ़ें

Published : May 30, 2026 at 6:53 PM IST
सिवान : बिहार के सिवान के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. एक युवक को उसकी मंगेतर के परिवार द्वारा कथित रूप से मिट्टी का तेल छिड़ककर जिंदा जलाने की कोशिश किए जाने का मामला प्रकाश में आया है. घटना में गंभीर रूप से झुलसे युवक का इलाज पटना में चल रहा है. वहीं पीड़ित के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मंगेतर समेत चार लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
चल रही थी शादी की तैयारियां, तभी.. : प्राप्त जानकारी के अनुसार, जख्मी युवक की पहचान आदित्य कुमार रावत के रूप में हुई है. पीड़ित के पिता द्वारा मुफस्सिल थाना में दिए गए लिखित आवेदन में बताया गया है कि उन्होंने अपने पुत्र आदित्य कुमार रावत की शादी मुफस्सिल थाना क्षेत्र में तय की थी. दोनों परिवारों के बीच विवाह की तैयारियां चल रही थीं.
'मिट्टी का तेल छिड़क दिया और आग लगा दी' : आवेदन के अनुसार 27 मई को चार लोगों ने आदित्य कुमार रावत को थावे मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए बुलाया. पूजा संपन्न होने के बाद वे लोग युवक को अपने घर ले गए. आरोप है कि घर पहुंचने के बाद सभी आरोपियों ने मिलकर युवक पर मिट्टी का तेल छिड़क दिया और आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया.
घटना की सूचना मिलते ही पहुंचे परिजन : पीड़ित के पिता ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह तत्काल मौके पर पहुंचे. वहां उन्होंने अपने पुत्र को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया. इसके बाद आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत चिंताजनक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि युवक के शरीर का बड़ा हिस्सा आग से प्रभावित हुआ है और उसका इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है.
चार लोगों को बनाया गया आरोपी : पुलिस को दिए गए आवेदन में लड़की पक्ष के चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है. इनमें युवक की मंगेतर का नाम भी शामिल बताया गया है. शिकायत के आधार पर मुफस्सिल थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
''पीड़ित पक्ष की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.''- उपेन्द्र कुमार सिंह, मुफस्सिल थाना प्रभारी
इलाके में चर्चा का विषय : घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. एक ओर जहां पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है, वहीं पुलिस सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच करने की बात कह रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस संबंधित लोगों से पूछताछ करने और साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है.
ये भी पढ़ें :-
शादी के दिन आयकर अधिकारी ने की आत्महत्या, मंगेतर पर उत्पीड़न का आरोप
'मुझसे बिना पूछे ऑर्डर' 250 का ड्रेस ऑनलाइन मंगाने पर भड़का मंगेतर, युवती ने किया सुसाइड

