ज्वेलरी कारोबारी से 200 ग्राम सोना, 5 किलो चांदी लूटी; CCTV खंगाल रही पुलिस
DCP यमुना नगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि लूटी गई रिवाल्वर लाइसेंसी है, जिसका विवरण थाना रिकॉर्ड में दर्ज है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 9:17 AM IST
|Updated : February 25, 2026 at 11:13 AM IST
प्रयागराज: बदमाशों ने ज्वेलरी कारोबारी पर हमला करके 200 ग्राम सोना, 5 किलो चांदी और नगदी लूट ली. इतना ही नहीं बेखौफ अपराधी, व्यापारी की लाइसेंसी रिवॉल्वर भी लेकर फरार हो गए. घटना मांडा थाना क्षेत्र के चकडीहा ग्राम पंचायत भवन के पास की है.
सूचना पर ACP मेजा एमपी उपाध्याय भी पहुंचे और व्यापारी का बयान लिया. व्यापारी ने पुलिस को घटना की जानकारी दी. कारोबारी प्रदीप सोनी के भाई रंजीत सोनी की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है.
रंजीत ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उनके भाई के पास 200 ग्राम सोना और 5 किलो चांदी थी. एक लाख रुपए नगद और लाइसेंसी रिवाल्वर बदमाश लूट ले गए हैं. रंजीत की भी चिलबिला बाजार में ही दुकान है. दोनों भाई अपनी-अपनी दुकानों में व्यापार संभालते हैं.
DCP यमुना नगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि लूटी गई रिवाल्वर लाइसेंसी है, जिसका विवरण थाना रिकॉर्ड में दर्ज है. आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. बदमाशों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.
DCP विवेक चंद्र यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि बदमाश पहले से रेकी कर रहे थे. जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा और मामले का खुलासा किया जाएगा.
कैसे हुई लूट की घटना: पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार शाम की है. व्यापारी प्रदीप सोनी चिलबिला स्थित दुकान बंद करके शाम करीब 6.40 बजे भारतगंज स्थित आवास के लिए निकले थे.
जब वह मांडा ब्लॉक के चकडीहा ग्राम पंचायत भवन के सामने पहुंचे, तभी एक ही बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया. प्रदीप सोनी कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बदमाशों ने तमंचे के बट से उन पर हमला कर दिया.
हमले में प्रदीप के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही गिर पड़े. बदमाशों ने उनकी लाइसेंसी रिवाल्वर छीन ली. लगभग 200 ग्राम सोना और करीब एक लाख रुपए नगद भी लूट लिए. शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश कट्टा लहराते हुए फरार हो चुके थे.
पीड़ित की हालत गंभीर: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घायल प्रदीप सोनी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज रेफर कर दिया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
यह भी पढ़ें: कोर्ट के आदेश से बनारस के बड़े हॉस्पिटल पर होगा केस; रिटायर्ड जवान की मौत का मामला

