बरेली में मौलाना के पीछे नमाज न पढ़ने पर जानलेवा हमला, 54 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
हाफिजगंज इंस्पेक्टर सनी चौधरी ने बताया कि मौलाना खुर्शीद सहित चार नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गयी है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 24, 2026 at 4:08 PM IST
बरेली: कस्बे में मौलाना के पीछे नमाज न पढ़ने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया. हाफिजगंज इंस्पेक्टर सनी चौधरी ने बताया कि अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने मौलाना समेत चार नामजद और 50 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
चार नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ FIR: कस्बा निवासी अधिवक्ता अख्तर अली ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम करीब 5.15 बजे मौलाना खुर्शीद के कहने पर भूरा उर्फ इरफान अपने बेटे दानिश और लगभग 50 अज्ञात लोगों के साथ उनके घर स्थित चैंबर में घुस आये. आरोप कि आरोपियों ने गाली-गलौज की और कहा कि वो मौलाना के पीछे नमाज नहीं पढ़ते इसलिए जान से मार देंगे.
जान से मारने की कोशिश: अधिवक्ता अख्तर अली की तहरीर के अनुसार, इरफान उर्फ भूरा ने जान से मारने की नीयत से उनका गला दबाया. मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उन्हें बचाया. उसने इस दौरान चैंबर में रखी महत्वपूर्ण केस की फाइलें फाड़ दीं. आरोपियों ने चैंबर में आग लगाने की धमकी भी दी.
मौलाना खुर्शीद के पीछे नमाज न पढ़ने पर हिंसा: हाफिजगंज इंस्पेक्टर सनी चौधरी ने बताया कि अधिवक्ता अख्तर अली मौलाना खुर्शीद के पीछे नमाज पढ़ना नहीं चाहते थे, जिसके चलते यह विवाद हुआ. इस मामले में हाफिजगंज थाना पुलिस ने मौलाना खुर्शीद सहित चार नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गयी है. मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें- अफ़वाह, सस्पेंस और 'ख़ास' तस्वीर: प्रयागराज में शंकराचार्य की गिरफ़्तारी पर छिड़ा घमासान

