ETV Bharat / state

बिहार में ATM की ऐसी चोरी कि फिल्मी कहानी फेल, 5 मिनट में एक्शन और फिर सब गायब

बिहार में आपराधिक वारदात हमेशा कुछ नए अंदाज में होता है. इसका उदाहरण बेतिया में देखने को मिला.

ATM THEFT IN BETTIAH
बेतिया में एटीएम चोरी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : December 23, 2025 at 2:57 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

बेतिया : आपने जॉन अब्राहम की फिल्म धूम देखी होगी. जिसमें चोर स्पोर्ट्स बाइक से आते हैं. चोरी करते हैं और फिर रफू चक्कर हो जाते हैं. उनका समय भी निर्धारित रहता है कितने मिनट में चोरी की घटना को अंजाम देना है और फरार होना है. पुलिस उनका पीछा करती है, वह बाइकर्स कुछ दूरी तक तो पुलिस को दिखते हैं लेकिन फिर वह बाइकर्स गायब हो जाते है.

दरअसल, शहर से निकलते ही हाईवे में उनका एक बड़ा सा कंटेनर लगा रहता है. बाइकर्स इस कंटेनर के अंदर अपनी बाइक लेकर चले जाते हैं और फिर पुलिस बाइकर्स गैंग को खोजती रहती है. ऐसी ही कहानी बेतिया के एटीएम चोरों की है. जिनका समय निर्धारित है और जगह भी.

कार से चोरी, फिर वो गायब : एटीएम चोर फोर व्हीलर से आते हैं, चोरी करते हैं और फरार हो जाते हैं. पुलिस रास्ते में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लगी होती है. चोरों की गाड़ी पुलिस को दिख भी रही है, फिर अचानक चोरों की इतनी बड़ी कार गायब हो जाती है. क्योंकि उनके लिए भी जीटी रोड में कंटेनर लगा हुआ था. फिर पुलिस को कार ना ही सीसीटीवी में दिख रही और ना ही उसका पता चल पा रहा है.

क्या है पूरा मामला? : जी हां, ये कहानी नहीं बल्कि हकीकत हैं. यह कहानी रील नहीं रियल है. 18 दिसंबर 2025 की देर रात्रि नगर थाना क्षेत्र के आलोक भारती चौक के समीप एटीएम मशीन और नौतन थाना क्षेत्र के गहरी चौक स्थित एटीएम मशीन से कैश चोरी होती है. घने कोहरे का फायदा उठाकर मात्र 5 मिनट में गैस कटर से मशीनों को काट दोनों एटीएम से लगभग 20 लाख से ज्यादा की रकम लेकर उड़ गए.

इतनी जल्दी इतने मोटे एटीएम मशीन को 4 से 5 मिनट में काट देना और रकम लेकर निकल जाना पुलिस को भी चुनौती देने से कम नहीं है. पुलिस भी हैरान है कि एटीएम के इतने मोटे परत को चोर कैसे इतने कम समय में काटकर रफू चक्कर हो गए.

ATM THEFT IN BETTIAH
एटीएम में चोरी (ETV Bharat)

पहली घटना नौतन : चोर सबसे पहले नौतन थाना क्षेत्र के गहरी चौक स्थित एटीएम मशीन पर 18 दिसंबर 2025 की देर रात 11.34 PM पर आते हैं. फिर गैस कटर से एटीएम को काटते हैं और उसमें रखे लगभग 10 लाख की रकम लेकर 11.39 PM तक फरार हो जाते हैं. चोरों ने सबसे पहले एटीएम के बाहर लगे शटर को गैस कटर से काटा फिर सीसीटीवी कैमरा पर चोरों ने ब्लैक स्प्रे मार दिया, ताकि चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद नही हो सके. फिर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.

दूसरा मामला नगर थाना इलाका : आलोक भारती चौक के समीप एटीएम मशीन, उसी रात 12:40 AM में चोर एटीएम में घुसते हैं और फिर गैस कटर से एटीएम मशीन को काटते हैं. मशीन में रखे लगभग 11 लाख रुपया लेकर 12.45 AM में फरार हो जाते हैं. लगभग 5 मिनट के समय में चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया.

एटीएम काटने की सूचना पुलिस को लगभग 45 मिनट बाद मिली. पुलिस को रात्रि 1.14 AM में सूचना मिली कि एटीएम में चोरी हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देरी किए मात्र 4 मिनट में 1.18 AM में घटनास्थल पर पहुंच गई. सदर एसडीपीओ विवेक दीप समेत नगर थाने की पुलिस और एसडीपीओ दो रजनीशकांत प्रियदर्शी समेत नौतन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची.

जहां ढूंढती रही पुलिस, चोरों ने दूसरा रास्ता पकड़ा : घटनास्थल पर पहुंचते ही पुलिस ने तुरंत बेतिया से नौतन जाने वाली सड़क पर बैरिकेटिंग कर जांच शुरू कर दिया और रास्ते में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लग गई. लेकिन चोर पुलिस से 10 कदम आगे निकले. पुलिस नौतन से बेतिया वाले रूट में लगे सीसीटीवी फुटेज देखने और जांच में जुटी थी. इधर चोर बेतिया से नौतन जाने वाले बीच रास्ते में सनसरैया बड़ी नहर के पास से नहर किनारे वाली कच्ची सड़क पकड़कर बेतिया- अरेराज वाले रास्ते में निकल पड़े.

पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया : बेतिया पुलिस यह जान चुकी थी कि यह कारनामा किसी छोटे गिरोह का नहीं है. यह कारनामा किसी बड़े गिरोह और दूसरे राज्य के चोरों का है. पुलिस ने अपने सूत्रों के हवाले से और अपनी खुफिया जानकारी के अनुसार यह तो पता लगा लिया कि सभी चोर हरियाणा के और दूसरे राज्यों के रहने वाले हैं. उसके बाद पुलिस ने अपने जांच का दायरा और आगे बढ़ाया और बेतिया से अरेराज होते हुए पटना के रास्ते और गया तक के रास्ते में लगे सीसीटीवी फुटेज को देखने में लग गई.

पुलिस को जगह-जगह लगे सीसीटीवी फुटेज में इनोवा गाड़ी देखने को मिला. लेकिन पुलिस जैसे ही जीटी रोड में पहुंची वहां से इनोवा गाड़ी कहीं नहीं दिखी. सूत्रों की मानें तो इन चोरों का गिरोह इतना बड़ा है कि जीटी रोड में इनका कंटेनर भी खड़ा था और इनोवा गाड़ी एक कंटेनर के अंदर गया और फिर गायब हो गया.

''दोनों वारदातों को एक ही संगठित गिरोह ने अंजाम दिया है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. पुलिस को अंतरजिला गैंग के शामिल होने की आशंका है.''- विवेक दीप, सदर एसडीपीओ

ATM THEFT IN BETTIAH
खड़गपुर में गिरफ्तार चोर (ETV Bharat)

WB पुलिस ने 6 चोरों को दबोचा : पुलिस लगातार चोरों तक पहुंचाने की कोशिश कर रही थी. इसी बीच बेतिया पुलिस को जानकारी मिली कि पश्चिम बंगाल के खड़गपुर पुलिस ने कुछ चोरों को गिरफ्तार किया है, जो बंगाल में चोरी की वारदात को अंजाम देने आए थे. बंगाल पुलिस को इन चोरों की तलाश कई महीनों से थी, क्योंकि यह चोर बंगाल में भी एटीएम काटकर फरार हुए थे.

हरियाणा दिल्ली और AP के रहने वाले हैं सभी : सूत्रों की मानें तो यह वहीं चोर हैं जिन्होंने बेतिया में और नौतन में एटीएम काटने का काम किया था. इनमें से गिरफ्तार चार चोरों की पहचान फारुख शेख, जाखिर खान, मुस्ताक और मोहसिन खान के रूप में हुई है, जो हरियाणा के रहने वालें हैं. इसके अलावा दीपक पोदार दिल्ली और रवि कृष्ण चौधरी आंध्र प्रदेश का रहने वाला है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

ये भी पढ़ें :-

सारण में एटीएम कटर गैंग सक्रिय ! ATM काटकर उड़ाए 6.66 लाख रुपए

बिहार में एसबीआई ATM तोड़कर लाखों की चोरी, चोरों का हाईटेक तरीका जान रह जाएंगे दंग

ATM कैश वैन लूटकर भागे बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग, एक लुटेरा गिरफ्तार