ETV Bharat / state

बारां जिला अस्पताल में चौंकाने वाली लापरवाही, डॉक्टर-नर्स गायब, वार्ड बॉय कर रहा था मरीजों का इलाज

बारां जिला अस्पताल में नर्स और डॉक्टर की अनुपस्थिति में वार्ड बॉय मरीजों को दवाइयां दे रहा था.

वार्ड ब्वॉय कर रहा था मरीजों का इलाज
वार्ड ब्वॉय कर रहा था मरीजों का इलाज (Photo- Social Media)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : May 1, 2026 at 8:27 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बारां: जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति एक बार फिर उजागर हुई है. विधायक की फटकार के बावजूद अस्पताल प्रबंधन में कोई सुधार देखने को नहीं मिला. शुक्रवार को एक गंभीर लापरवाही सामने आई, जहां नर्सिंग कर्मी और चिकित्सक की अनुपस्थिति में एक वार्ड बॉय मरीजों का उपचार करता हुआ पाया गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वार्ड में भर्ती मरीजों को दवाइयां देने से लेकर प्राथमिक उपचार तक का काम वार्ड बॉय द्वारा किया जा रहा था. यह स्थिति न केवल चिकित्सा नियमों के खिलाफ है, बल्कि मरीजों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा है. इस मामले की जानकारी मिलने पर अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया. प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (PMO) नरेंद्र मेघवाल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित वार्ड बॉय को हटाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही संबंधित नर्सिंग कर्मी को भी वहां से हटा दिया गया है. हालांकि, केवल वार्ड बॉय और नर्स पर कार्रवाई किए जाने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं.

इसे भी पढ़ें- PHC में फर्जी डॉक्टर कर रहा था इलाज, डिप्टी सीएमएचओ ने की कार्रवाई

स्थानीय लोगों में रोष: स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों का कहना है कि अस्पताल में लंबे समय से स्टाफ की कमी और निगरानी की लापरवाही बनी हुई है. ऐसे में यह सवाल उठता है कि आखिर बिना योग्य चिकित्सा स्टाफ के इलाज कैसे चल रहा था और इसकी जिम्मेदारी किसकी है? स्वास्थ्य विभाग की इस गंभीर लापरवाही ने एक बार फिर जिला अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

PMO नरेंद्र मेघवाल ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच के लिए एक कमेटी गठित कर दी गई है. जांच कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी. स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें.

इसे भी पढ़ें- पुलिस गिरफ्त में आया झोलाछाप डॉक्टर...बिना डिग्री के कर रहा था इलाज