सहायक आचार्य परीक्षा-2025: 10 विषयों की मॉडल उत्तरकुंजी जारी, 10 जनवरी से दर्ज करा सकेंगे ऑनलाइन आपत्ति
अभ्यर्थी अपनी आपत्ति को निर्धारित शुल्क के साथ आगामी 10 से 12 जनवरी तक अपनी ऑनलाइन दर्ज करवा सकते हैं.


Published : January 8, 2026 at 7:07 PM IST
अजमेर: राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से सहायक आचार्य (कॉलेज शिक्षा विभाग) परीक्षा-2025 के अंतर्गत जूलॉजी, म्यूजिक (वोकल), संस्कृत, उर्दू, लॉ, केमिस्ट्री, बॉटनी, इकोनॉमिक्स, होम साइंस और ईएएफएम विषय की मॉडल उतरकुंजियां आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दी गई हैं. इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है.
आयोग के मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि इन विषयों की परीक्षा का आयोजन 11 से 16 दिसंबर, 2025 तक किया गया था. यदि किसी भी अभ्यर्थी को इन मॉडल उतरकुंजियों पर कोई आपत्ति हो, तो निर्धारित शुल्क के साथ आगामी 10 से 12 जनवरी तक अपनी आपत्ति ऑनलाइन दर्ज करवा सकता है. गुप्ता ने बताया कि आपत्तियां आयोग की वेबसाईट पर उपलब्ध मॉडल प्रश्न पत्र के क्रमानुसार ही प्रविष्ट करें. परीक्षाओं के मॉडल प्रश्न पत्र आयोग की साइट पर उपलब्ध है. आपत्ति प्रामाणिक पुस्तकों के प्रमाण सहित ऑनलाइ ही प्रविष्ट करें. वांछित प्रमाण संलग्न नहीं होने की स्थिति में आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा.
पढ़ें: सहायक आचार्य परीक्षा-2025 की 5 विषयों की मॉडल उत्तर कुंजी जारी, 3 जनवरी से ऑनलाइन आपत्ति दर्ज
'शुल्क के अभाव में आपत्ति स्वीकार नहीं होगी': गुप्ता ने बताया कि अभ्यर्थी एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर रिक्रूटमेंट पोर्टल का चयन कर परीक्षा के लिए उपलब्ध लिंक (क्वेश्चन ऑब्जेक्शन) पर क्लिक कर प्रश्नों पर आपत्तियां दर्ज कराकर प्रति प्रश्न आपत्ति शुल्क 100 रुपये (सेवा शुल्क अतिरिक्त) के हिसाब से कुल आपत्ति शुल्क ई-मित्र कियोस्क या अभ्यर्थी स्वयं भी रिक्रूटमेंट पोर्टल पर उपलब्ध पेमेंट गेटवे पर भुगतान कर आपत्तियां दर्ज कर सकता है. शुल्क के अभाव में आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी. ऑनलाइन आपत्तियों का लिंक 10 से 12 जनवरी को रात्रि 12 बजे तक ही उपलब्ध रहेगा. उसके बाद लिंक निष्क्रिय हो जाएगा. इस संबंध में किसी भी तरह की तकनीकी कठिनाई होने पर अभ्यर्थी recruitmenthelpdesk@rajasthan.gov.in पर ईमेल से या फोन नम्बर 9352323625 और 7340557555 पर संपर्क कर सकते हैं.

