यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना बोले, 2027 चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा
फतेहपुर के दौरे पर पहुंचे. कार्यकर्ताओं के साथ की मुलाकात, कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 31, 2026 at 9:53 AM IST
फतेहपुर: जिले में एक जल शोधन (आरओ) प्लांट के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शनिवार शाम सदर क्षेत्र के पूर्व भाजपा विधायक विक्रम सिंह के लोक विहार कॉलोनी स्थित आवास पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की.
इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों और समर्थकों ने 51 किलो की माला पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया. पत्रकारों से बातचीत में सतीश महाना ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी युद्धों का प्रभाव वैश्विक अर्थव्यवस्था पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है.
उन्होंने कहा कि आर्थिक चुनौतियों से निपटने के लिए पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी जैसे कदम उठाने पड़े हैं. वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अभी से अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है और संगठन चुनावी तैयारियों में जुटा हुआ है. गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गोवंश संरक्षण के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है.
राज्यभर में संचालित गौशालाओं में गोवंश के संरक्षण, देखभाल तथा चारा-पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. विधानसभा अध्यक्ष ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान सरकारों ने विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं. उन्होंने दावा किया कि विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं के कारण विपक्षी दल असहज महसूस कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और देश को विश्व गुरु बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: फतेहपुर में 24 शातिर अपराधियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई, हत्या-अपहरण समेत कई संगीन मामलों में रहे सक्रिय

