ETV Bharat / state

विधानसभा बजट सत्र: सदन में गूंजा फसल खराबे का मुद्दा, कांग्रेस विधायक बोले, 'ट्रेड डील से किसानों को नुकसान'

विधायक रामकेश मीणा ने कहा कि भाजपा को हर संकट से उबारने में किरोड़ीलाल मीणा ने अहम भूमिका निभाई.

Taranagar MLA Narendra Budhaniya
तारानगर विधायक नरेंद्र बुढ़ानिया (Courtesy - Rajasthan Assembly)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 20, 2026 at 5:35 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजस्थान विधानसभा में शुक्रवार को कृषि और सहकारिता विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने अपने विचार रखे. इस दौरान बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसल खराबे के साथ ही भारत-अमेरिका ट्रेड डील का मुद्दा गूंजा. तारानगर विधायक नरेंद्र बुढ़ानिया ने कृषि विभाग की योजनाओं में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए मंत्री डॉ किरोड़ीलाल मीणा से कहा, आप इसे रोकने का प्रयास नहीं करते या आपकी चलती नहीं है. वे बोले, चूरू जिले में किसानों से मूंग की फसल कम दाम में खरीदकर ऊंचे दामों पर बेची गई. किसान किसी पार्टी का नहीं है.

अमेरिकी मक्का से प्रदेश के किसानों का नुकसान: उन्होंने कहा कि ट्रेड डील से पूरा देश चिंतित है कि किसानों का क्या होगा. इससे पहले हमेशा सरकार किसानों के हित में खड़ी रही. अमेरिका लंबे समय से पीछे पड़ा था कि भारत के बाजार में घुसे. अब अचानक आनन–फानन में समझौता हुआ. पीएम कैसे दब गए? पूरा हिंदुस्तान उनके साथ खड़ा था. यह समझौता संप्रभुता से खिलवाड़ है. अमेरिका से मक्का खरीदने से देश और राजस्थान के किसानों को नुकसान होगा.

पढ़ें: शून्यकाल में उठा गलता पीठ में अव्यवस्था का मामला, जमवारामगढ़ में रोडवेज बसें बढ़ाने की मांग

भाजपा विधायक बोले, 'कांग्रेस लाई कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग': सादुलशहर विधायक गुरवीर सिंह ने कहा, देश में स्वामीनाथन आयोग का गठन किया गया. जिसने अपनी रिपोर्ट दी. लेकिन यूपीए की सरकार ने इस रिपोर्ट को अनदेखा किया. नेशनल फार्मर पॉलिसी को नकार दिया. चुनाव से पहले राहुल गांधी ने 10 तक गिनने पर किसानों का कर्जा माफ करने की बात कही. पांच साल सरकार रही, लेकिन कर्जा माफ नहीं किया. उन्होंने कहा, पहले देश दलहन के उत्पादन में भी आत्मनिर्भर था. लेकिन कांग्रेस सरकार की नीतियों से देश पिछड़ गया. वे बोले, कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग का आगाज भी कांग्रेस ने किया था. जबकि आरोप भाजपा पर लगाते हैं.

पढ़ें: विधानसभा में प्रश्नकाल: खाद संकट, शिक्षक भर्ती और जलापूर्ति पर सरकार घिरी, ट्रीटमेंट प्लांट पर वॉकआउट

भड़ाना ने उठाया खराबे का मुद्दा: सूरजगढ़ से कांग्रेस विधायक श्रवण कुमार ने कहा, को-ऑपरेटिव सोसायटी के जरिए फसली ऋण समय पर मिलना चाहिए. किसान हर मौसम में मेहनत करता है. लेकिन उसका परिवार कष्ट सहन करता है. किसान का बेटा प्रधानमंत्री बनेगा, तभी किसान का दर्द दूर होगा. मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना पिछले दिनों हुई ओलावृष्टि का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है. किसानों को अच्छी पैदावार से मेहनत सफल होने की उम्मीद थी. लेकिन खराबे से उत्पादन कम होना तय है. कई जगहों पर 40 फीसदी तक खराबा हुआ है. उन्होंने तत्काल गिरदावरी करवाने की मांग की.

पढ़ें: विधानसभा में मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कांग्रेस को घेरा, कहा- हमने 'ट्रस्ट' निभाया, उन्होंने तोड़ा

उप नेता प्रतिपक्ष ने की किरोड़ी की तारीफ: उप नेता प्रतिपक्ष और गंगापुर विधायक रामकेश मीणा ने कहा, भाजपा को हर संकट से उबारने में किरोड़ीलाल मीणा ने अहम भूमिका निभाई. लेकिन जब पद देने की बात आई, तो उनके साथ न्याय नहीं किया गया. उन्हें उपमुख्यमंत्री नहीं बनाया गया. इस बीच सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के नोंक-झोंक हुई. रामकेश मीणा बोले, किरोड़ीलाल मीणा ने 250 आंदोलन किए हैं. अगर भविष्य में किरोड़ीलाल गंगापुर से चुनाव लड़ते हैं, तो वे अपनी सीट छोड़ देंगे. उन्होंने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद, जानवरों से फसल की रक्षा का मामला उठाया.

'एक्सप्रेस वे के नाम पर जमीन उजाड़ रही सरकार': किशनगढ़ विधायक विकास चौधरी ने कहा, किसान और कृषि की स्थिति नाजुक है. हम विकसित राजस्थान 2047 की बात करते हैं. लेकिन किसान की आंखों में आंसू हैं. कृषि की वृद्धि दर शून्य से भी कम हो गई है. यह किसानों की आय और भविष्य पर प्रश्नचिह्न है. कृषि के लिए अलग से पैकेज लागू किया जाए, सहकारिता के लिए भी अलग पैकेज की मांग की. खाद्य प्रसंस्करण यूनिट को गांवों से जोड़ा जाए. ओलावृष्टि और बारिश से फसलों को नुकसान हुआ है. सरकार भारतमाला एक्सप्रेस और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे के नाम पर किसानों की जमीन उजाड़ रही है. उन्होंने फसल बीमा योजना में बीमा कंपनियों पर मनमानी का आरोप लगाया. वे बोले, खाद मांगने वाले किसानों पर सरकार लाठियां बरसाती है.