विधायक सांखला ने उठाया मुद्दा, आगुचा मांइस की अनियमितता की जांच करें और स्थानीय युवाओं को दिलाएं रोजगार
बजट सत्र में नियम 295 के तहत उठाया मुद्दा. जिंक ने जांच समिति में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को रखने की बात कही.

Published : February 20, 2026 at 6:58 PM IST
भीलवाड़ा: विधानसभा के बजट सत्र में आसींद से भाजपा विधायक जब्बर सिंह सांखला ने हिंदुस्तान जिंक की आगुचा माइंस में अनियमितता का मुद्दा उठाया और दोषी अधिकारियों एवं प्लांट के खिलाफ कार्रवाई और जांच की मांग की. जांच समिति में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को रखने की बात कही.
भाजपा विधायक जब्बर सिंह सांखला ने बताया कि विधानसभा में शुक्रवार को नियम 295 के तहत क्षेत्र के आगूचा के पास स्थित हिंदुस्तान जिंक माइनिंग प्लांट में अनियमितताओं का मुद्दा उठाया. सांखला ने कहा कि इस प्लांट की ओर सरकार या जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान नहीं जाता. इससे वहां कई हादसे हो गए. कई जानें चली गईं. हादसे के बाद कुछ पैसे देकर समझौता कर लिया जाता. प्लांट में स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं दिया जाता. प्लांट के आसपास खेती की जमीन बेकार हो गई. इससे पूरे क्षेत्र में रोष है.
सांखला ने सदन में कहा कि अब जिंक का नया प्लांट आ रहा है. इसमें रायला की तरफ से हाईटेंशन लाइन लाने का प्रयास किया जा रहा है. इसमें किसानों के खेतों में टावर लगाकर लाइन ले जाने की तैयारी चल रही है. इससे वहां के किसानों में काफी रोष है. इस कंपनी की दादागिरी और गुंडागर्दी से वहां की जनता तथा स्थानीय बेरोजगार पहले से परेशान हैं. अब यह हाईटेंशन लाइन के पोल खेतों में खड़े कर लाइन ले जाएंगे, तो वहां बड़ा आंदोलन हो सकता है.
सांखला ने कहा कि कमेटी बनाकर माइंस की अनियमितताओं की जांच कराएं. उन्होंने कहा- अवैध खनन, पर्यावरण, नए प्लांट की स्वीकृति, एनओसी आदि की जांच की जाए. कमेटी में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी रखें, ताकि वहां के किसानों को विश्वास में लेकर उचित मुआवजा देकर ही हाईटेंशन लाइन की फिजिबिलिटी मिले. इससे वहां के लोगों में रोष कम किया जा सकेगा. अनियमितता मिलने पर लापरवाह अधिकारियों तथा कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आग्रह किया गया.

