बढ़ाया देश का मान: एशियन जूनियर पावरलिफ्टिंग में राजस्थान का जलवा, अलवर के दो खिलाड़ियों ने जीता सिल्वर
पावरलिफ्टर जितेंद्र शर्मा व योगेंद्र सौगरवाल ने एशियाई जूनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में जीता सिल्वर मेडल.

Published : May 19, 2026 at 2:13 PM IST
अलवर : राजस्थान के दो होनहार पावरलिफ्टर खिलाड़ियों ने हाल ही में चीन के हेनान शहर में आयोजित हुई एशियाई जूनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल कर प्रदेश ही नहीं बल्कि भारत का नाम रोशन किया है. प्रदेश के दोनों ही खिलाड़ी 8 मई को चीन के लिए रवाना हुए थे. जहां 14 मई को उनकी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने कड़ी प्रतिस्पर्धा दिखाते हुए रजत पदक हासिल किया. विदेश में भारत का परचम लहराकर अलवर पहुंचने पर दोनों ही खिलाड़ियों का स्वागत बड़ी धूमधाम से किया गया.
अलवर जिले के हल्दीना गांव निवासी जितेंद्र शर्मा ने बताया कि 2021 में पावरलिफ्टिंग गेम की शुरुआत की. इसके बाद करीब 5 साल तक उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में मेडल हासिल किया. जैसे-जैसे वह इस गेम में आगे बढ़ते गए उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व करने का सपना बुना. इसके बाद उन्होंने हाल ही में चीन में आयोजित हुई एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया. उन्होंने बताया कि उन्हें इस चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल हुआ है, लेकिन वह इससे संतुष्ट नहीं है. आगमी माह में आने वाले कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप के लिए वह तैयारी कर रहे हैं, जिससे कि भारत के लिए गोल्ड मेडल हासिल कर सके.
इसे भी पढ़ें: 24वीं नेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप : बूंदी के सुदर्शन ने गोला फेंक में जीता स्वर्ण पदक
7 दिनों तक तरबूज व भुट्टे का किया सेवन : पावरलिफ्टर व रजत पदक विजेता जितेंद्र शर्मा ने बताया कि खेल के दौरान खिलाड़ी अपनी डाइट को अच्छे से मेंटेन करता है, जिससे कि वह खेल में अच्छा निखार ला सके. उन्होंने बताया कि चीन में उन्हें विपरीत परिस्थितियां मिली. वह वेजीटेरियन खाना अपनी डाइट में शामिल रखते हैं, लेकिन वहां इसकी कमी महसूस हुई. जितेंद्र ने बताया कि इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और करीब सात दिनों तक रोजाना सिर्फ तरबूज व उबले हुए मक्के के भुट्टे खाएं और अपनी प्रैक्टिस जारी रखी. जितेंद्र शर्मा ने बताया कि उन्होंने कभी विपरीत परिस्थितियों को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया और कड़ी मेहनत कर भारत के लिए सिल्वर पदक हासिल किया. उन्होंने बताया कि वहां बेंच प्रेस, स्क्वाट व डेडलिफ्ट में रजत पदक हासिल किया.
कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए कर रहे तैयारी : पावरलिफ्टर जितेंद्र शर्मा व योगेंद्र सौगरवाल ने बताया कि चीन में आयोजित हुई चैंपियनशिप में उन्होंने पूरे दमखम के साथ कड़ी प्रतिस्पर्धा कर रजत पदक हासिल किया. उन्होंने कहा कि आगामी माह में कनाडा में कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप आयोजित होगी. इसके लिए जून के आखिरी सप्ताह में ट्रायल्स के लिए वह अभी से तैयारी में जुट गए हैं. जिससे कि वह भारत का प्रतिनिधित्व कॉमनवेल्थ गेम्स में कर सके और आगे आने वाले समय में भारत के लिए गोल्ड मेडल हासिल कर सके.
इसे भी पढ़ें: चौमूं के अमर सिंह ने थाईलैंड में जीती 100 किमी अल्ट्रा मैराथन, गोल्ड मेडल हासिल कर रचा इतिहास
रजत पदक विजेता खिलाड़ियों के कोच व अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टर खिलाड़ी आशीष जैमन ने बताया कि दोनों ही खिलाड़ी करीब 5 साल से जयपुर में पावरलिफ्टिंग गेम की प्रैक्टिस कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में जितेंद्र पांच बार के चैंपियन रहे है, वहीं योगेंद्र दो बार चैंपियन रहे हैं. उन्होंने बताया कि एशियाई चैंपियनशिप के लिए प्रदेश के मात्र दो खिलाड़ियों का चयन हुआ था. हाल ही में चीन में आयोजित चैंपियनशिप में दोनों ही खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए रजत पदक हासिल किया है. उन्होंने कहा कि दोनों ही खिलाड़ी कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप के तैयारी में जुट गए हैं. इसके लिए आगामी जून के आखिरी सप्ताह में हैदराबाद में ट्रायल्स आयोजित होगी. वहां पर बेहतर प्रदर्शन करते हैं, तो उन्हें भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में जाने का मौका मिलेगा.
कोच आशीष ने बताया कि खिलाड़ियों के साथ कोच भी काफी मेहनत करता है, लेकिन उसकी मेहनत पर्दे के पीछे रहती है. कोच आशीष ने उम्मीद जताई कि आगामी कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप के लिए दोनों ही खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे और भारत के लिए गोल्ड मेडल हासिल करेंगे.

