5 लाख की सुपारी लेकर यूपी से अशोकनगर पहुंचा किलर, पुलिस ने ऐसे धर दबोचा
उत्तर प्रदेश से अशोकनगर पहुंचा सुपारी किलर, रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस ने पकड़ा, ATS अधिकारी पर भी कर चुका है हमला.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 5, 2026 at 9:57 PM IST
अशोकनगर: अशोकनगर में एक युवक को मारने के लिए 5 लाख की सुपारी लेकर उत्तर प्रदेश से अशोकनगर आये सुपारी किलर को रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के पास से जिंदा कारतूस सहित कट्टा जब्त किया गया है. जब पुलिस ने उससे कड़ी पूछताछ की तो पता चला कि वह अशोकनगर में राजकुमार उर्फ जगीरा को मारने के लिए योजना तैयार कर रहा था.
संजीव यादव ने दी थी सुपारी
अशोकनगर निवासी संजीव यादव ने राजकुमार उर्फ जगीरा को मारने के लिए ललितपुर के आशुतोष गुप्ता को 5 लाख की फिरौती दी थी. आशुतोष गुप्ता ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या से सुपारी किलर कपिल दुबे को हायर किया था. जिसे घटना को अंजाम देना था. कपिल दुबे 2-3 दिन से अशोकनगर में रहकर राजकुमार उर्फ जगीरा की रेकी कर रहा था. अगर समय रहते पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं करती, तो वह बड़ी घटना को अंजाम दे सकता था.
पकड़े गए आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई प्रकरण
पुलिस द्वारा कपिल दुबे को गिरफ्तार किया गया है, जो उत्तर प्रदेश के अंशु दीक्षित गैंग से बताया जा रहा है. भोपाल में कपिल दुबे पर एटीएस लखनऊ के इंस्पेक्टर और एक आरक्षक पर गोली मारने का आरोप भी है. कुछ ही समय पहले हत्या के प्रयास के मामले में सजा काटकर वह जेल से बाहर निकला था. अशोकनगर पुलिस आरोपी कपिल दुबे के और भी प्रकरण खंगालने में जुट गई है.

संजीव और राजकुमार का चल रहा था आपसी विवाद
अशोकनगर निवासी संजीव यादव और राजकुमार उर्फ जगीरा का लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था. इसी मामले में दोनों तरफ से कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज हुई है. एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि "राजकुमार उर्फ जगीरा पर भी कोतवाली में कई प्रकरण दर्ज हैं. वहीं, संजीव यादव पर भी मामला दर्ज किया गया है."
- मंदसौर के भाजपा नेता के मर्डर का खुला राज, पिता ने दी थी 5 लाख की सुपारी, 5 गिरफ्तार
- बड़े भाई की हत्या करने छोटे ने 25 लाख में दी सुपारी, नौसिखिया थे हमलावर
एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि "गश्त के दौरान हमारी पुलिस में एक सुपारी किलर को पकड़ा है. जिससे पूछताछ में उसने अपना पूरा राज खोल दिया है. इस पूरे मामले में संजीव यादव और कपिल दुबे को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं, ललितपुर निवासी आशुतोष गुप्ता को पकड़ने के लिए अशोकनगर से पुलिस रवाना कर दी गई है. जल्द ही उसकी गिरफ्तारी भी की जाएगी."

