गहलोत ने अमित शाह पर साधा निशाना, बोले- कन्हैयालाल के परिवार को कब मिलेगा इंसाफ, मदन राठौड़ ने किया पलटवार
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस मुद्दे पर भाजपा ने चुनाव लड़ा उसे अब भुला दया गया है.

Published : January 10, 2026 at 12:35 PM IST
|Updated : January 10, 2026 at 5:41 PM IST
जयपुर : अमित शाह शनिवार दोपहर जयपुर हवाई अड्डे पहुंचेंगे, जहां से हेलीकॉप्टर से राजस्थान पुलिस अकादमी में बने हेलीपैड तक आएंगे. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, अन्य मंत्रियों के साथ ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहेंगे. नियुक्ति पत्र वितरण के बाद अमित शाह ओटीएस में एक बैठक भी लेंगे. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के जयपुर दौरे से पहले पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर उदयपुर के कन्हैयालाल हत्याकांड का मामला उठाते हुए निशाना साधा और कहा कि गृहमंत्री अमित शाह बताएं कि कन्हैयालाल के परिवार को इंसाफ कब मिलेगा? वहीं, इस मामला में मदन राठौड़ ने गहलोत पर पलटवार किया है.
गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राजस्थान पधार रहे हैं, आपका यहां स्वागत है. आपसे अपेक्षा है कि वे आज अपनी 'राजनीतिक चुप्पी' तोड़ेंगे और बताएंगे कि स्व. कन्हैयालाल के परिवार को न्याय कब मिलेगा? आपके गृह मंत्रालय के अधीन नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने घटना की रात ही यह केस राजस्थान पुलिस से ले लिया था. पर NIA के पास ये केस होने के बावजूद अभी तक न्याय क्यों नहीं मिला है? उनका परिवार अभी तक न्याय के लिए क्यों भटक रहा है.
केंद्रीय गृह मंत्री श्री @AmitShah राजस्थान पधार रहे हैं। आपका यहां स्वागत है।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) January 10, 2026
आपसे अपेक्षा है कि वे आज अपनी 'राजनीतिक चुप्पी' तोड़ेंगे और बताएंगे कि स्व. कन्हैयालाल जी के परिवार को न्याय कब मिलेगा? आपके गृह मंत्रालय के अधीन नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने घटना की रात ही यह…
इसे भी पढ़ें: राजस्थान दौरे पर अमित शाह, जोधपुर में BSF कैंप जाएंगे, जयपुर में पुलिस कर्मियों को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र
चुनाव के दौरान झूठ बोलकर भ्रम फैलाया : गहलोत ने कहा कि आप तो चुनाव में 5 लाख बनाम 50 लाख का असत्य बोलकर भ्रम फैलाने के चैंपियन थे. कन्हैयालाल के परिवार ने आपके झूठ को एक्सपोज कर बता दिया है कि उनके परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा एवं दोनों पुत्रों को सरकारी नौकरी मिली थी. क्या आप राजस्थान की जनता से असत्य बोलने के लिए माफी मांगेंगे? यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस मुद्दे पर आपने चुनाव लड़ा, उसे अब भुला दिया गया है.
राजस्थान में कानून का इकबाल खत्म : पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान में बिगड़ती कानून व्यवस्था का मामला उठाते हुए कहा कि आज राजस्थान में कानून का इकबाल खत्म हो चुका है. रंगदारी, दुष्कर्म और माफियाराज से जनता त्रस्त है,बजरी माफिया रोज हत्याएं कर रहा है. हद तो तब हो गई जब दूसरे राज्यों की पुलिस यहां आकर एक्शन करती है और मुख्यमंत्री कहते हैं राजस्थान पुलिस को जानकारी ही नहीं है. गृह मंत्री जी, भाषणों से परे हटकर राजस्थान की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर जवाब दीजिए.
इसे भी पढ़ें- वीबी जी राम जी एक्ट में राम का नाम नहीं, भाजपा बता दे तो मैं 1 लाख का इनाम दूंगा : खाचरियावास
मदन राठौड़ का पलटवार: पूर्व सीएम अशोक गहलोत की ओर से उठाए गए सवालों पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने तीखा पलटवार किया. शनिवार को भाजपा मुख्यालय पर मीडिया से बात करते हुए राठौड़ ने कन्हैयालाल हत्याकांड को लेकर कांग्रेस की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं. राठौड़ ने कहा कि जब प्रदेश में गहलोत सरकार थी, तब कन्हैयालाल ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सुरक्षा नहीं दी गई. उन्होंने कहा कि “जो खुद शीशे की दीवार में बैठे हैं, वे दूसरों पर पत्थर क्यों फेंक रहे हैं. जान चली गई और अब उसी मामले पर राजनीति की जा रही है, जो बिल्कुल सही नहीं है.
किसी को नहीं छोड़ा जाएगा: कांग्रेस सरकार के कार्यकाल मिड-डे मील घोटाले में पूर्व मंत्री राजेंद्र यादव के बेटे का नाम आने पर मदन राठौड़ ने कहा कि इस प्रकरण में भी किसी को नहीं छोड़ा जाएगा. यदि स्कूलों में बंद मिड-डे मील के दौरान किट वितरित किए गए हैं, तो यह गंभीर लापरवाही है और दोषियों पर कार्रवाई तय है. मदन राठौड़ ने कहा कि कोरोना काल जैसे संवेदनशील समय में भी कांग्रेस सरकार ने भ्रष्टाचार करने से परहेज नहीं किया. जब स्कूल बंद थे, उस दौरान भी मिड-डे मील योजना में करीब 2000 करोड़ रुपये का घोटाला किया गया. यह कांग्रेस की मानसिकता और कार्यशैली को उजागर करता है, उन्होंने बच्चों के भोजन में घोटाला किया, इसीलिए कांग्रेस का दूसरा नाम घोटाला और भ्रष्टाचार है.
इसे भी पढ़ें- कांग्रेस का 'मनरेगा बचाओ' आंदोलन, चेतन डूडी और धर्मेंद्र राठौड़ ने केंद्र सरकार पर बोला हमला
गांधी के नाम पर कांग्रेस ने केवल राजनीति की: वीबी जी राम जी मामलों पर कांग्रेस के रुख की आलोचना करते हुए राठौड़ ने कहा कि गांधी के नाम पर कांग्रेस ने केवल राजनीति की है. गांधीजी ने कहा था कि देश आजाद होने के बाद कांग्रेस को समाप्त कर देना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. आज कांग्रेस खुद समाप्ति की ओर बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि नए कानून से मजदूरों को पूरा हक मिल रहा है. इसके लिए कांग्रेस को भाजपा का धन्यवाद करना चाहिए. राठौड़ ने कहा कि विकसित भारत जी राम जी रोजगार गारंटी योजना के तहत रोजगार के दिन 100 से बढ़ाकर 125 किए गए हैं. कांग्रेस ने पहले फर्जी रोजगार देने का काम किया, जबकि भाजपा ने वास्तविक लाभ पहुंचाया है. राठौड़ ने कहा कि जब देश के नागरिक को 125 दिन का गारंटी रोजगार मिल रहा है, तो कांग्रेस के पेट में दर्द क्यों ? उनकी कमीशन बंद हो रही है इस लिए तिलमिला रहे हैं.

