ETV Bharat / state

बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर बर्बरता, गहलोत ने जताई चिंता, केंद्र से दखल की मांग

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा- बांग्लादेश में 19 दिनों में 5 हिंदुओं की हो चुकी है हत्या.

Ashok Gehlot
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (ETV Bharat File Photo)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 6, 2026 at 1:01 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चिंता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दखल देने की मांग करते हुए वहां की अंतरिम सरकार पर दबाव बनाने की मांग की है. गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बांग्लादेश से आ रही हिंदू अल्पसंख्यकों के साथ बर्बरता की खबरें विचलित करने वाली हैं. महज 19 दिनों में 5 हिंदुओं की हत्या एवं वहां महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार मानवता पर कलंक हैं. हालांकि, मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 6 हिंदुओं की हत्या हो चुकी है.

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 1971 के उस दौर की यादें आज भी ताजा हैं, जब इंदिरा गांधी के नेतृत्व में भारत ने न केवल कूटनीतिक कड़ापन दिखाया था, बल्कि अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से इतिहास और भूगोल दोनों बदल दिए थे. उन्होंने अमेरिका जैसी महाशक्ति तक की परवाह नहीं की, जिसने भारत के खिलाफ अपना सातवां बेड़ा रवाना कर दिया था.

भारत सरकार की कूटनीतिक वफलता : पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भी चिंताजनक है कि ऐसा देश जिसका निर्माण ही भारत ने किया था, वह भारत के खिलाफ हो गया है. यह भारत सरकार की कूटनीतिक विफलता है. केंद्र सरकार को 'गहरी चिंता' व्यक्त करने जैसे बयानों से आगे बढ़कर ठोस कदम उठाने चाहिए.

पढ़ें : बांग्लादेश में नहीं थम रहा हिंदुओं की हत्या का सिलसिला, दुकान में बैठे शख्स को उतारा मौत के घाट

पड़ोसी देश में अल्पसंख्यकों के जीवन और मान-सम्मान की रक्षा करना हमारी नैतिक और कूटनीतिक जिम्मेदारी है. इतिहास गवाह है कि मात्र खोखले नारों से नहीं, बल्कि निर्णायक नेतृत्व से ही निर्दोषों की जान बचाई जा सकती है. प्रधानमंत्री को इस मामले में हस्तक्षेप कर बांग्लादेश की अंतरिम सरकार पर प्रभावी दबाव बनाना चाहिए.