ETV Bharat / state

गहलोत का भजनलाल सरकार पर हमला, बोले- भाजपा संरक्षण में पनप रहे बजरी माफिया

केकड़ी में डंपर हादसे से मौत के बाद पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार पर माफियाओं को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया है.

पूर्व सीएम अशोक गहलोत
पूर्व सीएम अशोक गहलोत (ETV Bharat File Photo)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 7, 2026 at 6:42 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: प्रदेश में कानून व्यवस्था और बजरी माफियाओं के आतंक को लेकर प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस सरकार पर हमलावर है. कांग्रेस कई बार प्रदेश में बजरी माफिया और भू माफिया के पनपने के लिए सरकार को जिम्मेदार बता चुकी है. वहीं, दो दिन पूर्व केकड़ी की खारी नदी में बजरी डंपर से हुई मौत के मामले को लेकर अब पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भजनलाल सरकार को निशाने पर लिया है.

गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार के संरक्षण में बजरी माफिया पनप रहे हैं और भाजपा के जनप्रतिनिधि उन्हें संरक्षण दे रहे हैं. गहलोत ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि दो दिन पूर्व केकड़ी की खारी नदी में बजरी डंपर से हुई मौत एक हृदय विदारक घटना है, जो भाजपा सरकार के संरक्षण में पनप रहे बजरी माफिया के खुले कत्ल का प्रमाण है. शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं.

इसे भी पढ़ें- हरमाड़ा डंपर हादसा: खाचरियावास बोले, 14 लोगों की मौत के लिए बजरी माफिया और सरकार जिम्मेदार

भजनलाल सरकार पर हमला: गहलोत ने कहा कि प्रदेश में बजरी माफिया बेलगाम हैं और भाजपा सरकार उनकी संरक्षक बनी हुई है. इससे भी अधिक शर्मनाक यह है कि केकड़ी थाने के पुलिसकर्मी राजेश मीणा ने वीडियो बनाकर बताया है कि उन्हें स्थानीय भाजपा विधायक ने अवैध खनन पर कार्रवाई करने से रोका और धमकाया. भाजपा राज में पुलिसकर्मियों पर तानाशाही की जा रही है ताकि माफिया को खुली छूट मिल सके.

केकड़ी में 2 साल में चार लोगों की जान गई: पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में पिछले 2 साल में 4 लोगों की जान बजरी माफिया ने ली है. मुख्यमंत्री जी, इस मामले में तुरंत संज्ञान लें और दोषी माफियाओं व उन्हें संरक्षण देने वाले जनप्रतिनिधियों पर सख्त कार्रवाई करें. इससे पहले मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी इस मामले को सोशल मीडिया पर उठाते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे, साथ ही सरकार पर बजरी माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया था.

इसे भी पढ़ें- पूर्व सीएम गहलोत पर गोठवाल का पलटवार, बोले- कांग्रेस सरकार में प्रत्येक विधायक ने उगाही एजेंट के रूप में काम किया