दिल्ली विधानसभा सत्र में आवारा कुत्तों की गिनती पर सियासी तकरार तेज, आशीष सूद ने अरविंद केजरीवाल को लिखा पत्र
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने अरविंद केजरीवाल पर आवारा कुत्ते गिनने के मामले में अफवाह फैलाने का आरोप लगाया.

Published : January 6, 2026 at 9:55 AM IST
|Updated : January 6, 2026 at 11:20 AM IST
नई दिल्ली: आवारा कुत्तों की गिनती का मामला दिल्ली विधानसभा सत्र में भी गर्माया हुआ है. इस मुद्दे पर दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखा है. पत्र में आशीष सूद ने अरविंद केजरीवाल पर भ्रामक और तथ्यहीन बयान देने का आरोप लगाते हुए इसे अफवाह फैलाने वाला बताया है.
शिक्षा मंत्री ने कहा कि बच्चों की पढ़ाई और स्कूलों के संचालन से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. साथ ही उन्होंने अरविंद केजरीवाल से मांग की कि वे इस मुद्दे पर दिल्ली की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और भविष्य में इस तरह के भ्रामक व गलत बयानों से परहेज करें.
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने अपने पत्र में लिखा है कि आवारा कुत्तों की गिनती को लेकर यह दावा करना कि सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को इस काम में लगाया जा रहा है, पूरी तरह गलत और भ्रामक है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में सरकार की ओर से जारी आधिकारिक परिपत्र पहले से ही सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध है, जिसमें तथ्यों को साफ तौर पर रखा गया है. इसके बावजूद इस तरह के बयान देना जनता को गुमराह करने की कोशिश है.
आशीष सूद ने पत्र में यह भी लिखा कि प्रशासनिक अनुभव रखने वाले व्यक्ति से इस तरह की गलत बयानबाजी को महज गलतफहमी नहीं माना जा सकता. उनका आरोप है कि इस प्रकार के बयान एक ज़िम्मेदार पहल को पटरी से उतारने की कोशिश हैं, जिससे अनावश्यक भ्रम और अस्थिरता पैदा होती है. शिक्षा मंत्री ने कहा कि ऐसी राजनीति से न केवल शासन व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि जनता का भरोसा भी कमजोर होता है.
बता दें कि आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों से आवारा कुत्तों की निगरानी कराने के आदेश का विरोध करने वाले एक शिक्षक के निलंबन पर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया था. बीते शुक्रवार को शिक्षा निदेशालय की विजिलेंस ब्रांच ने एसबीवीएम सुभाष नगर के टीजीटी (हिंदी) शिक्षक संत राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था. सौरभ भारद्वाज ने कहा कि शिक्षक का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने शिक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही.
ये भी पढ़ें- सौरभ भारद्वाज का आरोप, आवारा कुत्तों के फरमान का विरोध करने पर टीचर्स हो रहे सस्पेंड
ये भी पढ़ें- शिक्षकों की आवारा कुत्तों की गिनती वाले मामले में FIR दर्ज, शिक्षा मंत्री आशीष सूद बोले- AAP खेलेगी विक्टिम कार्ड
ये भी पढ़ें- शिक्षा निदेशालय ने कुत्तों की गिनती को लेकर झूठी जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस में दी शिकायत

