सेरी मंच पर चला अरविंद राजपूत का जलवा, तीसरी सांस्कृतिक संध्या में जमकर झूमे विक्रमादित्य सिंह
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2026 की सांस्कृतिक संध्या में स्टार गायक अरविंद राजपूत के गानों पर झूम उठा मंडी.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 19, 2026 at 7:57 AM IST
|Updated : February 19, 2026 at 10:54 AM IST
मंडी: छोटी काशी मंडी में 7 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2026 की तीसरी सांस्कृतिक संध्या सेरी मंच पर उल्लास, संगीत और जनसहभागिता का भव्य संगम बनकर सामने आई. स्टार गायक अरविंद राजपूत की ऊर्जावान प्रस्तुति ने दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया. से ही मंच से उनके सुर गूंजे, पूरा पंडाल तालियों और नृत्य से गूंज उठा.
विक्रमादित्य सिंह भी जमकर झूमे
स्टार गायक अरविंद राजपूत ने एक से बढ़कर एक लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया. इस अवसर पर लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. जैसे ही अरविंद राजपूत ने अपनी प्रस्तुति दी, मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी स्वयं को रोक नहीं पाए और मंच के पास कलाकार के साथ नाचते हुए नजर आए.

आज निकलेगी मध्य जलेब
वहीं, अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की मध्य जलेब आज यानी 19 फरवरी को राज देवता माधोराय की अगवानी में निकाली जाएगी. इस पावन अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया जलेब में शामिल होंगे. वहीं, शाम के समय विधानसभा अध्यक्ष सेरी मंच पर आयोजित शिवरात्रि महोत्सव की चौथी सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे.
"अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है. यह महोत्सव हमारी लोक परंपराओं, संगीत और सामाजिक एकता को सहेजने का सशक्त माध्यम है. ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को मंच मिलता है और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है. आयोजन के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन और मेला कमेटी को बधाई." - विक्रमादित्य सिंह, पीडब्ल्यूडी मंत्री

वहीं, कार्यक्रम के दौरान मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने मुख्य अतिथि मंत्री विक्रमादित्य सिंह को शॉल, हिमाचली टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया. सेरी मंच पर पहुंचने पर महोत्सव की आम सभा के अध्यक्ष एवं विधायक चंद्रशेखर और डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने मंत्री विक्रमादित्य सिंह का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया.

