शिक्षा व्यवस्था पर केजरीवाल का सवाल, कहा- पढ़ा-लिखा प्रधानमंत्री समय की जरूरत
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नीट परीक्षा लीक की घटनाओं और उसे रोकने के लिए केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं

Published : May 30, 2026 at 3:58 PM IST
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नीट परीक्षा में पेपर लीक की घटनाओं और शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है.एक वीडियो संदेश जारी करते हुए उन्होंने कहा कि देश की शिक्षा प्रणाली गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है और अब देश को ऐसे प्रधानमंत्री की जरूरत है जो शिक्षित हो तथा शिक्षा से जुड़े मुद्दों और उनकी जटिलताओं को बेहतर ढंग से समझ सके.
एयरफोर्स और बुलेटप्रूफ वाहनों के इस्तेमाल पर सवाल
अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार की उस घोषणा पर सवाल उठाया, जिसमें भविष्य में नीट के प्रश्नपत्रों को एयरफोर्स के विमानों और बुलेटप्रूफ वाहनों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की बात कही गई है.उन्होंने कहा कि केवल प्रश्नपत्रों के परिवहन के तरीके बदलने से पेपर लीक जैसी समस्याओं का समाधान नहीं होगा.उनके मुताबिक सरकार को यह पता लगाना चाहिए कि प्रश्नपत्र आखिर किस स्तर पर और कैसे लीक हो रहे हैं तथा उन खामियों को दूर करना चाहिए.
NEET में पेपर लीक रोकने के लिए वायु सेना के जहाज इस्तेमाल किए जाएँगे।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) May 30, 2026
क्या इससे पेपर लीक रुकेगा? कैसे अनपढ़ों जैसी बात कर रही है हमारी सरकार?
इनकी नीयत ही नहीं है पेपर लीक रोकने की। देश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह माफ़िया के चंगुल में आ चुकी है।
इसे ठीक करना है तो सबको… pic.twitter.com/n1avtTayMS
‘माफिया के चंगुल में शिक्षा व्यवस्था’
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था पर एक बड़े माफिया का प्रभाव है.उन्होंने कहा कि पेपर लीक, परीक्षा में अनियमितताएं और छात्रों से जुड़ी कथित गड़बड़ियां इसी व्यापक समस्या का हिस्सा हैं.उन्होंने दावा किया कि यदि सरकार वास्तव में समस्या का समाधान चाहती है तो उसे व्यवस्था की कमजोरियों को दूर करने पर ध्यान देना चाहिए, न कि केवल प्रतीकात्मक कदम उठाने चाहिए.
छात्र वेदांत के मामले का किया जिक्र
अपने संदेश में केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर चर्चा में रहे छात्र वेदांत के मामले का भी उल्लेख किया.उन्होंने कहा कि छात्र ने अपनी उत्तर पुस्तिका में कथित गड़बड़ी का दावा किया था, जिसके कारण उसे अपेक्षा से कम अंक मिलने की बात सामने आई.केजरीवाल ने कहा कि शिकायत सामने आने के बाद छात्र को सोशल मीडिया पर आलोचनाओं और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा.उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी छात्र की शिकायत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
The country needs an educated PM https://t.co/Hq9dnAD6Vb
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) May 30, 2026
छात्रों और अभिभावकों से एकजुट होने की अपील
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार केवल कुछ छात्रों या व्यक्तियों के प्रयासों से संभव नहीं है.उन्होंने छात्रों, अभिभावकों और समाज के विभिन्न वर्गों से शिक्षा संबंधी मुद्दों पर एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की.उन्होंने कहा कि यह केवल परीक्षाओं और अंकों का मामला नहीं, बल्कि देश के करोड़ों छात्रों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है.इसलिए शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं.
ये भी पढ़ें-

