प्रिंस खान और सांसद ढुल्लू महतो के खिलाफ शिकायत दर्ज, विधायक बोले- क्रिमिनलों को दिया जा रहा संरक्षण
निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने गैंगस्टर प्रिंस खान और सांसद ढुल्लू महतो के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है.

Published : July 4, 2026 at 5:15 PM IST
धनबाद: निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने गैंगस्टर प्रिंस खान और धनबाद सांसद ढुल्लू महतो के खिलाफ निरसा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. विधायक का आरोप है कि प्रिंस खान ने उन्हें वीडियो, ऑडियो कॉल और धमकी भरे संदेश भेजकर जान से मारने की धमकी दी है. उन्होंने अपनी शिकायत में सांसद ढुल्लू महतो को भी नामजद करते हुए दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
अरूप चटर्जी ने आरोप लगाया है कि वह लंबे समय से सांसद ढुल्लू महतो के कथित आपराधिक गठजोड़ और अन्य मामलों को सार्वजनिक रूप से उठाते रहे हैं. उनका कहना है कि इसी वजह से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं. विधायक ने दावा किया कि हाल ही में उन्होंने सांसद के खिलाफ बयान दिया था, जिसके कुछ समय बाद ही प्रिंस खान की ओर से उन्हें कथित रूप से धमकी भरे वीडियो, ऑडियो कॉल और संदेश प्राप्त हुए. उनके अनुसार, यह घटनाक्रम दोनों के बीच कथित संबंधों की ओर इशारा करता है.
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी अरूप चटर्जी ने सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया था कि धनबाद सांसद का गैंगस्टर अपराधी प्रिंस खान से कथित संबंध है. उन्होंने इस मामले की केंद्रीय एजेंसियों से जांच कराने, सांसद का पासपोर्ट जब्त करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी. इन आरोपों के बाद धनबाद की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई थी. अब विधायक ने इन आरोपों को आधार बनाते हुए निरसा थाना में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है.
उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. हालांकि, सांसद ढुल्लू महतो की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच नियमानुसार की जाएगी.
ये भी पढ़ें: गैंगस्टर प्रिंस खान के घर पर चला बुलडोजर, विधायक अरूप चटर्जी को दी गई थी जान से मारने की धमकी
सांसद ढुल्लू महतो पर विधायक ने लगाया गंभीर आरोप, पासपोर्ट जब्त कर की CBI और NIA जांच की मांग
गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी का नया ठिकाना होगा चाईबासा जेल, पति पहले से ही है जेल में

